भारत

युवा व्यापारी को 10 लाख की जरूरत थी, दोस्त का किया अपहरण

Nil dhankar
17 Aug 2025 8:44 AM IST
युवा व्यापारी को 10 लाख की जरूरत थी, दोस्त का किया अपहरण
x
पढ़े पूरी खबर

आगरा। कमला नगर निवासी नमकीन व्यापारी अभिषेक गुप्ता ने अपने ही दोस्त अनिल सिंह के अपहरण की साजिश रची। पहले व्यापार के बहाने अपने साथ धौलपुर ले गए। वापस लौटते समय बदमाशों ने उन्हें घेर लिया। इनोवा में बंधक बना लिया। फोन करके दस लाख रुपये की फिरौती मांगने लगे। मूलत: ग्राम बहसी, बरनाहल (मैनपुरी) निवासी अनिल सिंह वाशिंग पाउडर और चाय का व्यापार करते हैं। कमला नगर निवासी अभिषेक गुप्ता से दोस्ती है। अभिषेक ने उनसे कहा धौलपुर में उसकी अच्छी पहचान है। बड़े ऑर्डर दिला देगा।

शुक्रवार को अपने साथ स्कूटी से धौलपुर ले गया। दोपहर करीब तीन बजे अनिल सिंह की पत्नी पूजा के मोबाइल पर पति के नंबर से फोन आया। उन्होंने बताया बदमाशों ने पकड़ कर ली है। दस लाख रुपये मांग रहे हैं। बदमाशों ने रकम लेकर धौलपुर आने के लिए कहा था। वह घर से धौलपुर के लिए निकल गईं। पुलिस के अनुसार पूजा के मोबाइल पर लगातार बदमाशों के फोन आ रहे थे। पहले सैंया आने को कहा। बाद में किरावली बुलाया। पूजा किरावली आ गईं। वहां बदमाश नहीं मिले। वह किरावली थाने पहुंच गईं। बदमाश लगातार लाइन पर थे। पूजा ने पुलिस को सुनाया कि उनसे किस तरह फिरौती मांगी जा रही है। पुलिस हरकत में आ गई। चारों तरफ जाल बिछा दिया। चार घंटे में अनिल सिंह को मुक्त करा लिया। दो बदमाश भी पकड़े गए। वारदात में प्रयुक्त इनोवा उनके पास से मिली। आरोपियों के पास एक पिस्टल मिली। वह नकली थी। पूछताछ में खुलासा हुआ कि मास्टर माइंड अभिषेक गुप्ता है। उसे व्यापार में घाटा हुआ था।

उसने योजना बनाई कि रुपये अनिल से वसूल करेगा। अपहरण के लिए उसने अपने साथी नराइच निवासी मानवेंद्र, बल्केश्वर निवासी गिरीश कटारा व विपुल शर्मा को तैयार किया। मानवेंद्र, गिरीश और विपुल परिचित की इनोवा लेकर आए थे। पुलिस ने अभिषेक के साथ मानवेंद्र को पकड़ा है। अन्य दो फरार हैं। योजना के तहत बदमाशों ने स्कूटी के आगे इनोवा लगा दी। अभिषेक और अनिल को रोका। उनके ऊपर पिस्टल तान दी। दोनों को इनोवा में बैठा लिया। दोनों को पीटा। रुपये मांगे। अभिषेक ने यह बोल दिया कि उसके पास कुछ नहीं। पहले से ही घाटे में चल रहा है। उसके बाद बदमाशों ने अनिल को पीटना शुरू किया। उसकी पत्नी को फोन मिलाया। फोन पर ही अनिल की चीखें सुनवाईं। हत्या की धमकी दी।

Next Story
null