महिला ने जेठानियों की हत्या की कोशिश की, ताने सुन-सुनकर थी परेशान

पुलिस के मुताबिक, डबुआ कॉलोनी सीमा और मीना 3 अप्रैल को घर पर मौजूद थीं, तभी उनकी देवरानी पिंकी आई थी। उन्होंने उसे चाय पिलाई थी। पिंकी एक थैला लाई थी, जिसे उसने बाथरूम में रख दिया और कई बार अंदर-बाहर जाती रही। शाम करीब 5 बजे जब वह दोनों छत पर खड़ीं थीं तो पिंकी बाथरूम से बाहर आई और अचानक बाल्टी में भरा पेट्रोल दोनों बहनों पर डाल दिया। इसके बाद उसने माचिस की तीली जलाकर उन पर फेंक दी, जिससे दोनों के कपड़ों में आग लग गई और वो गंभीर रूप से झुलस गईं। महिलाओं के चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर आस-पड़ोस के लोग जमा हो गए।
पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ हत्या के प्रयास की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले के जांच अधिकारी सब-इंस्पेक्टर राजेंद्र कुमार ने बताया कि आरोपी महिला ने बीएससी-बीएड की पढ़ाई की हुई है और एक निजी स्कूल में पढ़ाती है। पूछताछ में उसने बताया है कि दोनों जेठानी उसके चरित्र पर शक करती थीं। इस वजह से उसने यह कदम उठाया है।





