40 हजार देकर शूटर बुलाई और पत्नी ने पति को गोलियों से छलनी करवा दी

यूपी। उन्नाव में अजगैन के चमरौली में हुए चर्चित श्रीकांत हत्याकांड का पुलिस ने शनिवार को सनसनीखेज खुलासा कर दिया है। पुलिस के मुताबिक, मृतक की पत्नी ने ही अपने पति की नशेबाजी और मारपीट से तंग आकर 40 हजार रुपये की सुपारी देकर उसकी हत्या करवाई थी। पुलिस ने हत्यारोपी पत्नी और दो शूटरों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
चमरौली निवासी 35 वर्षीय श्रीकांत लोधी का शव गुरुवार को एक खेत में मिला था। श्रीकांत के हाथ बंधे हुए थे और उसकी गला घोंटकर हत्या की गई थी। मृतक की मां सुंदारा की तहरीर पर पुलिस ने बहू सुखरानी और अज्ञात पर केस दर्ज कर जांच शुरू की थी। स्वाट और अजगैन पुलिस की संयुक्त टीम ने जब संदिग्ध पत्नी सुखरानी का कॉल डिटेल खंगाला तो उसमें दो बाहरी युवकों से लगातार बातचीत होने की पुष्टि हुई। शनिवार सुबह पुलिस ने चमरौली-दौलतखेड़ा मार्ग पर घेराबंदी कर सुखरानी, अंकित यादव निवासी चितौली और मोहित सिंह निवासी सधीरा को गिरफ्तार कर लिया।
मंगलवार को सुखरानी अपने पति को बहला-फुसलाकर राजेश के खेत की ओर ले गई। वहां पहले से घात लगाए बैठे अंकित और मोहित ने श्रीकांत को दबोच लिया और उसके हाथ बांधकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपियों के पास से हत्या में प्रयुक्त मोबाइल और सुपारी की रकम में से कुल 10,950 रुपये बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, पकड़े गए शूटर अंकित और मोहित पर पहले से भी आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। टीम ने तीनों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। पुलिस अन्य बिंदुओं पर भी जांच कर रही है ताकि कोई भी पहलू छूट न पाए। आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाला जा रहा है।





