पति की लाश को रेलवे ट्रैक पर छोड़ आई थी पत्नी, असल राज खुलने पर सब हैरान

यूपी। अमरोहा में कस्बा अट्टा निवासी टिंकू की मौत ट्रेन हादसा नहीं थी बल्कि पत्नी ने प्रेमी से उसकी हत्या कराई थी। शराब पिलाने के बाद गमछे से गला घोंटकर उसे मौत के घाट उतारा गया था। हादसे में मौत दर्शाने के लिए शव को रेलवे ट्रैक पर फेंका गया था। 22 घंटे की माथापच्ची के बाद हुए घटना के चौंकाने वाले खुलासे ने हर किसी को सन्न कर दिया। टिंकू अवैध संबंधों में अड़चन बन रहा था लिहाजा दोनों ने षडयंत्र रचते हुए उसे रास्ते से हटाने की पटकथा लिखी थी। पुलिस ने मामले में मृतक की पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
बीती 14 जनवरी की सुबह नौगावां सादात रेलवे फाटक पर ट्रैक के बीचोबीच एक युवक का शव पड़ा मिला था। मृतक की शिनाख्त मंडी धनौरा के कस्बा अट्टा निवासी टिंकू की शक्ल में हुई थी। डायल 112 के बाद इवेंट पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला घोंटने यानी दम घुटने से टिंकू की मौत होने की बात सामने आई थी। इतना ही नहीं उसके शरीर में एल्कोहल की भी पुष्टि हुई थी।
किसी बड़ी वारदात का इशारा मिलने पर पुलिस ने परिजनों की तहरीर के आधार पर मामले में रिपोर्ट दर्ज कर जांच आगे बढ़ाई तो कड़ी से कड़ी जुड़ती चली गई। पुलिस के मुताबिक टिंकू पेशे से मजदूर था। साल 2020 में उसकी शादी संगीता के साथ हुई थी। वहीं, शादी के पहले से ही संगीता के बिजनौर जिले के चांदपुर थाना क्षेत्र के गांव मानपुर निवासी पेशे से चालक नरसिंह देव से प्रेम संबंध थे जो शादी के बाद भी खत्म नहीं हुए।
बीती 13-14 जनवरी की मध्य रात्रि नरदेव सिंह प्रेमिका संगीता से मिलने के लिए उसकी ससुराल आया था। इसी दौरान दोनों ने टिंकू को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। इसके लिए नरदेव सिंह ने पहले टिंकू को भरपूर शराब पिलाई और फिर जब नशा उस पर हावी हो गया तो वह उसे रेलवे ट्रैक पर ले गया। जहां गमछे से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी और फिर मौत को ट्रेन हादसा दर्शाने के लिए शव को रेलवे ट्रैक पर फेंक दिया। गुरुवार को एएसपी अखिलेश भदौरिया ने पुलिस कार्यालय सभागार में हत्याकांड का खुलासा किया।





