भारत

ब्यास के पानी का कहर, फसलें तबाह, घर बर्बाद

Shantanu Roy
15 Aug 2025 5:35 PM IST
ब्यास के पानी का कहर, फसलें तबाह, घर बर्बाद
x
Indora. इंदौरा। पिछले कई दिनों से बीबीएमबी तलवाड़ा द्वारा ब्यास नदी में छोड़े जा रहे अतिरिक्त पानी से इंदौरा और फतेहपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में तबाही का मंजर है। खेतों में खड़ी मक्का, गन्ना और धान की फसलें पूरी तरह बह चुकी हैं। कई घरों में पानी घुस जाने से लोगों का कीमती सामान और अनाज बर्बाद हो गया है। हालात इतने बिगड़ गए हैं कि कुछ गांवों में आवागमन पूरी तरह ठप हो गया है। इस दौरा भाजपा के कांगड़ा-चंबा संसदीय क्षेत्र के सांसद डा. राजीव भारद्वाज और इंदौरा की पूर्व भाजपा विधायक रीता धीमान ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा
किया।

उन्होंने मंड, भोग्रवां, मल्काना और आसपास के प्रभावित गांवों में जाकर लोगों की समस्याएं सुनीं। पीडि़त परिवारों ने उन्हें बताया कि लगातार पानी भरने से घरों में नमी और गंदगी फैल गई है, जिससे बीमारियों का खतरा बढ़ रहा है। सांसद ने प्रदेश सरकार से तुरंत राहत कार्य शुरू करने और प्रभावित परिवारों को मुआवजा देने की मांग की। उन्होंने कहा कि अगर सरकार चाह ले तो पीडि़तों को फोरन सहायता मिल सकती है, लेकिन अफसोस की बात यह है कि अब तक सिर्फ आश्वासन ही दिए गए हैं। रीता धीमान ने भी प्रभावित परिवारों को भरोसा दिलाया कि भाजपा उनके साथ खड़ी है और हरसंभव मदद दिलाने के लिए प्रयास करेगी।
Next Story