भारत

प्रॉपर्टी डीलर की हत्या करने वाला इनामी बदमाश एनकाउंटर में ढेर, STF को मिली सफलता

Nil dhankar
27 Jun 2026 7:44 AM IST
प्रॉपर्टी डीलर की हत्या करने वाला इनामी बदमाश एनकाउंटर में ढेर, STF को मिली सफलता
x
पढ़े पूरी खबर

यूपी। लखनऊ में एसटीएफ और एक लाख रुपये के इनामी बदमाश संजय उर्फ संजीव के बीच मुठभेड़ हो गई. पुलिस के अनुसार, मुठभेड़ इंदिरा कैनाल रोड पर उस समय हुई, जब एसटीएफ की टीम आरोपी की तलाश में वहां पहुंची थी. एसटीएफ का दावा है कि इस दौरान मुठभेड़ हो गई, जिसमें संजय को गोली लगी. इसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

पुलिस के मुताबिक, संजय उर्फ संजीव अंबेडकरनगर जिले के अहिरौली थाना क्षेत्र के चक कोदार गांव का रहने वाला था. उस पर लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट की ओर से एक लाख रुपए का इनाम घोषित किया गया था. 27 मई को लखनऊ के पीजीआई इलाके में दिनदहाड़े प्रॉपर्टी डीलर संदीप सिंह की हत्या हुई थी. इस हत्याकांड के बाद से संजय फरार चल रहा था. उसकी तलाश के लिए कई टीमें लगाई गई थीं. करीब एक महीने से यूपी पुलिस उसकी तलाश कर रही थी. एसटीएफ के अनुसार, शुक्रवार को इंदिरा कैनाल रोड पर आरोपी की मौजूदगी की सूचना मिली थी. इसके बाद अपर पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार सिंह के नेतृत्व में टीम ने घेराबंदी की. पुलिस का कहना है कि इसी दौरान मुठभेड़ हो गई, जिसमें संजय को गोली लगी. घायल हालत में उसे डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

पुलिस का यह भी कहना है कि संजय का नाम अंबेडकरनगर, अयोध्या और बस्ती समेत कई जिलों में हत्या और अन्य संगीन अपराधों में सामने आ चुका था. जांच के मुताबिक, वह कुख्यात अपराधी दिलीप वर्मा और खान मुबारक गैंग के सदस्यों के साथ मिलकर कई जघन्य वारदातों को अंजाम दे चुका था. फिलहाल पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी के नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की भूमिका क्या थी और वे किन-किन आपराधिक मामलों में वांछित हैं.

Next Story