ट्रेन गुजरने ही वाली थी और मिली रेल पटरी में बम होने की धमकी, हड़कंप

बंगाल। पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले में सैंथिया रेलवे स्टेशन से लगभग 1.5 किलोमीटर दूर रेलवे ट्रैक पर एक संदिग्ध बम देखे जाने की सूचना से हड़कंप मच गया। इस घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियां तुरंत हरकत में आ गईं और एहतियात के तौर पर एक ट्रैक पर ट्रेनों की आवाजाही को अस्थायी रूप से रोक दिया गया। समाचार एजेंसी के अनुसार, बम की सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) के जवान तुरंत मौके पर पहुंच गए। एहतियाती कदम उठाते हुए एक लाइन पर ट्रेन का संचालन पूरी तरह से रोक दिया गया है।
फिलहाल आगे के विवरण की प्रतीक्षा है। अधिकारियों ने अभी तक इस बात की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है कि वह वस्तु वास्तव में बम ही है या मौके से कोई विस्फोटक सामग्री बरामद हुई है या नहीं। यह घटना ऐसे समय में सामने आई है, जब पिछले दो दिनों से इस पूरे क्षेत्र में लगातार बम से उड़ाने की धमकियां मिल रही हैं। समाचार एजेंसी PTI के मुताबिक, बुधवार को पश्चिम बंगाल और झारखंड की कम से कम तीन निचली अदालतों को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली।
जिन अदालतों को निशाना बनाया गया, उनमें पश्चिम बंगाल के आसनसोल और सूरी की जिला अदालतें और झारखंड के धनबाद की सिविल कोर्ट शामिल हैं। धमकी भरे ईमेल मिलने के तुरंत बाद अदालत परिसरों को खाली करा लिया गया और सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया।





