भारत

प्रदेश में अब तीन दिन सताएगी गर्मी, इस दिन से बदलेगा मौसम

Shantanu Roy
7 Jun 2026 4:38 PM IST
प्रदेश में अब तीन दिन सताएगी गर्मी, इस दिन से बदलेगा मौसम
x
Shimla. शिमला। हिमाचल प्रदेश में पिछले दिनों हुई बारिश के बाद मिली राहत अब धीरे-धीरे खत्म होती नजर आ रही है। मौसम साफ होने और तेज धूप निकलने से प्रदेश में एक बार फिर गर्मी का असर बढऩे लगा है। शनिवार को राज्य के अधिकांश क्षेत्रों में मौसम साफ रहा, जिससे दिन के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। मैदानी और निचले इलाकों में दोपहर के समय तेज धूप के कारण लोगों को गर्मी का सामना करना पड़ा, जबकि राजधानी शिमला में भी दिन के समय गर्मी का असर महसूस किया गया। मौसम विभाग के अनुसार आगामी तीन दिनों तक प्रदेश में मौसम मुख्य रूप से शुष्क बना रहेगा। सात, आठ और नौ जून को अधिकांश मैदानी तथा मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में मौसम साफ रहने की
संभावना है।


विभाग का अनुमान है कि मैदानी जिलों में अधिकतम तापमान एक बार फिर 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास या उससे ऊपर पहुंच सकता है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 10 जून से प्रदेश में मौसम करवट ले सकता है। एक नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से निचले क्षेत्रों से लेकर पर्वतीय इलाकों तक बारिश की संभावना बन रही है। विभाग ने 11 और 12 जून के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश, अंधड़ और बिजली कडक़ने की संभावना जताई गई है। साथ ही 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी भी दी गई है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार यह गतिविधियां प्री-मानसून सिस्टम का हिस्सा हैं। शनिवार सुबह साढ़े आठ बजे तक दर्ज न्यूनतम तापमान के अनुसार पांवटा साहिब प्रदेश का सबसे गर्म क्षेत्र रहा, जहां न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
Next Story