भारत

बच्चों को पानी में डुबोकर मारने वाली साइको किलर, सुंदर बच्चियों से चिढ़ थी...जानें कैसे पकड़ी गई

jantaserishta.com
4 Dec 2025 10:01 AM IST
बच्चों को पानी में डुबोकर मारने वाली साइको किलर, सुंदर बच्चियों से चिढ़ थी...जानें कैसे पकड़ी गई
x
जानें स्टोरी.
पानीपत: हरियाणा के पानीपत की रहने वाली इस किलर चाची की मुस्कान जितनी मासूम दिखती थी, उसके जेहन में उतनी ही खौफनाक साजिश थी. पूनम नाम की इस महिला को बच्चों के साथ हंसते-खेलते देखकर कोई कल्पना भी नहीं कर सकता था कि यही औरत उन मासूम खुशियों की सबसे क्रूर दुश्मन है.
पूनम के अंदर एक अजीब-सी जलन थी. खूबसूरत बच्चों को देखकर उसके चेहरे पर तनाव आने लगता था और आंखों में नफरत उतर आती थी. पुलिस पूछताछ में पूनम ने कबूल किया कि उसे यह बर्दाश्त नहीं होता था कि कोई बच्चा उससे या उसकी बेटी से ज्यादा सुंदर दिखे.
इस सनकी चाची पूनम ने हत्या की पहली वारदात को साल 2023 में अंजाम दिया. सोनीपत के बोहड़ गांव में ननद की छोटी-सी बेटी खेलते-खेलते उसके पास आ गई. वो उसे बहलाकर बाथरूम ले गई और पानी में डुबो दिया. रोती-तड़पती उस बच्ची की सांसें थमने लगीं और पूनम ने दरवाज़ा बाहर से बंद रखा. परिवार ने मान लिया कि बच्ची हादसे में चल बसी.
लेकिन पूनम को डर था कि अगर कभी किसी को शक हुआ तो? इसलिए उसने अपनी ही गोद के फूल तीन साल के बेटे को उसी अंदाज़ में पानी में डुबोकर मार दिया. एक मां अपने बच्चे को खोकर पागलों-सी रोई, चिल्लाई जिससे किसी को शक नहीं हुआ कि यह मातम नक़ली है.
इसके बाद पूनम ने 2025 में मायके में रहते हुए फिर इसी कहानी को दोहरा दिया. इस बार उसकी शिकार बनी भाई की बेटी यानी भतीजी. उस बच्ची की सुंदरता उसके ज़हन की चुभन बन चुकी थी. वही तरीका, वही मौत और फिर वही झूठी चीत्कार. तीन हत्याओं के बाद भी उसके खौफनाक मंसूबों की किसी को भनक तक नहीं लगी.
लेकिन 1 दिसंबर, 2025 पानीपत के नौल्था गांव में एक शादी समारोह ने इस खौफनाक सीरियल किलर की परतें उधेड़ दीं. जेठानी की 6 साल की बेटी विधि को इस किलर चाची ने टब में खेलने का बहाना दिया और जैसे ही बच्ची झुकी, उसके सिर को पानी में दबा दिया.
इस बार पूनम की किस्मत ने उसका साथ नहीं दिया. टब सिर्फ एक फुट का था, पर बच्ची उससे लंबी. जब शव मिला तो सिर पानी में था जबकि बच्ची के पैर बाहर थे. इसके बाद शक की सुई सीधे उसी पर जा अटकी. पुलिस ने जब पूछताछ की, तो 36 घंटे के भीतर दरिंदगी के चारों अध्याय खुलकर सामने आ गए.
हैरानी की बात यह कि हर हत्या के बाद वह खुश होती थी और उसका जश्न मनाती थी जैसे कोई जीत हासिल कर ली हो. उसके अंदर सिर्फ ईर्ष्या, नफरत और खूनी संतुष्टि थी. पानीपत पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है और जांच की जा रही है कि महिला ने कहीं किसी और बच्चे को तो अपना शिकार नहीं बनाया.
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story