भारत

पिपलू में बन रहा खेल मैदान दिलाएगा धर्मशाला क्रिकेट प्लेग्राउंड की याद

Shantanu Roy
15 May 2025 4:28 PM IST
पिपलू में बन रहा खेल मैदान दिलाएगा धर्मशाला क्रिकेट प्लेग्राउंड की याद
x
Bangana. बंगाणा। कुटलैहड़ विस क्षेत्र में सोलहसिंगीधार के ऊंचे टीले पर स्थित नरसिंह नारायण मंदिर पिपलू अब एक नई पहचान की ओर अग्रसर हो चुका है। सोलहसिंगी धार की खूबसूरत पहाडिय़ों की गोद में पिपलू के पास 35 कनाल भूमि पर 35 लाख से बन रहा खेल मैदान न केवल क्षेत्र की खेल गतिविधियों को नई दिशा देगा, बल्कि पर्यटन और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए भी यह एक महत्वपूर्ण केंद्र बनकर उभरेगा। यह मैदान आने वाले समय में धर्मशाला मैदान जैसी सुंदरता और सुविधाओं का प्रतीक बन सकता है। तीन दिवसीय जिला स्तरीय पीपलू मेला कुटलैहड़ क्षेत्र की संस्कृति और परंपरा का अभिन्न हिस्सा है। यह मेला पिछले 15 वर्षों से निरंतर जिला स्तरीय आयोजित होता आ रहा है और इसमें स्थानीय जनता के साथ-साथ आसपास के विस क्षेत्रों एवं जिलों से भी भारी संख्या में लोग भाग लेते हैं।

हालांकि मेले के आयोजन स्थल की सीमित क्षमता के कारण हर वर्ष भीड़भाड़ की स्थिति उत्पन्न होती थी, जिससे मेले के आयोजन में कई बार असुविधाएं सामने आती थीं। जनता की लंबे समय से यह मांग रही थी कि मेले के आयोजन के लिए एक बड़ा और समतल मैदान तैयार किया जाएं। ताकि मेले को और भव्य एवं सुव्यवस्थित रूप से मनाया जा सके। अंतत: यह सपना साकार हो रहा है। बीते वर्ष जिला स्तरीय पीपलू मेले के दौरान कुटलैहड़ विधानसभा के विधायक विवेक शर्मा ने मंच से यह घोषणा की थी कि अगला मेला एक भव्य और विशाल मैदान में आयोजित किया जाएगा। इस घोषणा को अब मूर्त रूप दिया जा रहा है। उन्होंने प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के सहयोग से इस योजना को धरातल पर उतारा है। 35 लाख रुपये की लागत से 35 कनाल भूमि पर यह मैदान तैयार किया जा रहा है।
Next Story