भारत

एयरपोर्ट की बाउंड्रीवाल से टकराने वाला था विमान, पायलट की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

Nil dhankar
14 Sept 2025 6:15 AM IST
एयरपोर्ट की बाउंड्रीवाल से टकराने वाला था विमान, पायलट की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा
x
पढ़े पूरी खबर

यूपी। राजधानी लखनऊ में एयरपोर्ट पर शनिवार को एक हादसा होते-होते टल गया। रनवे पर तेज रफ्तार भरने के बाद भी इंडिगो की लखनऊ-दिल्ली फ्लाइट हवा में ऊपर नहीं उठ पाई। ऐसे में फ्लाइट कैप्टन ने किसी तरह रनवे के अंतिम छोर से पहले विमान रोक दिया।

इससे विमान में मौजूद मैनपुरी सांसद और सपा प्रमुख अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव और सपा के कई पदाधिकारियों समेत 151 यात्री सहम गए। उनके मन में तरह-तरह की शंकाएं आने लगीं। एक यात्री ने कहा कि ईश्वर ने बचा लिया नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था। वहीं, इंडिगो के सूत्रों का कहना है कि फ्लाइट रनवे पर आगे बढ़ी नहीं थी तभी तकनीकी दिक्कत आ गई। इसके बाद यात्रियों को दूसरे विमान से भेजा गया।

फ्लाइट 6 ई 2111 शनिवार को 10:55 बजे विमान रनवे पर उड़ान भरने पहुंची। यात्रियों के अनुसार विमान ने गति भी पकड़ ली थी। तभी एक आवाज सुनाई दी। प्लेन को हवा में ऊपर उठने के लिए पर्याप्त थ्रस्ट नहीं मिला। एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार विमान में खराबी आने पर इंडिगो की टीम ने दूसरे विमान से यात्रियों को दिल्ली भेजा।

एयरपोर्ट के सूत्रों के अनुसार पायलट ने तुरंत एटीसी को अबेंडिंग टेक ऑफ की सूचना दी। यह एक ऐसी प्रक्रिया है जिसमें उड़ान भरने के लिए रनवे पर तेजी से दौड़ रहा विमान, किसी कारणवश, उड़ान भरने से पहले ही रुक जाता है। ऐसा तब होता है जब इंजन में कोई बड़ी तकनीकी खराबी आ जाए, आपातकालीन चेतावनी का संकेत मिले या पायलट को कोई असमान्य आवाज या कंपन महसूस हो। जब पायलट टेक ऑफ रद्द करने का फैसला लेता है तो वह तुरंत आपातकालीन ब्रेक लगाता ह। विमान में खराबी आ जाने के बाद इंडिगो की टीम ने दूसरे विमान से यात्रियों को दिल्ली भेजा।


Next Story
null