पेंटर की हत्या पत्नी ने ही करवाई थी, प्रेमी को 10 हजार देकर मौत की नींद सुलवा दी

यूपी। चंदौली में एक पत्नी ने अपने पति की हत्या के लिए प्रेमी को रकम दी। अवैध संबंध का विरोध करने पर एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या करा दी। पुलिस ने महिला, उसके प्रेमी और प्रेमी के दोस्त को शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया। एसपी आकाश पटेल ने महादेवपुर गांव निवासी 40 वर्षीय पेंटर राजेश कुमार की हत्या का शुक्रवार को खुलासा कर दिया। उन्होंने बताया कि राजेश का शव अलीनगर के महेवा जूनियर हाईस्कूल के पास महेवा नहर में मिला था। मृतक के बड़े भाई रमेश ने आरोप लगाया था कि राजेश की पत्नी उर्मिला ने ही उसकी हत्या कराई है। उर्मिला का किसी से अवैध संबंध था, जिसका राजेश विरोध करता था। मामले की जांच में जुटी पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर रेवसा अंडरपास के पास से लखमीपुर गांव निवासी जितेंद्र शर्मा उर्फ राहुल और विनोद पाल को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में दोनों ने राजेश की हत्या करने की बात स्वीकार की। आरोपियों के पास मिले पिट्ठू बैग से घटना में प्रयुक्त धारदार चाकू, हत्या के समय पहने गए रक्तरंजित कपड़े, मोबाइल फोन एवं नकद रुपये बरामद हुए। इसके बाद पुलिस ने राजेश की पत्नी उर्मिला को भी उसके घर महादेवपुर से गिरफ्तार कर लिया। एसपी आकाश पटेल ने बताया कि आरोपी उर्मिला ने बुधवार को पति राजेश को कुछ रुपये देकर जमीन देखने के नाम पर जितेंद्र शर्मा उर्फ राहुल के साथ भेजा था। राहुल के साथ उसका दोस्त विनोद भी था। राहुल एक धारदार चाकू अपनी बाइक की सीट के नीचे छिपाकर ले गया था। तीनों बाइक से विभिन्न स्थानों पर जमीन देखने के बहाने घूमते रहे। इस दौरान चकिया तिराहे पर राजेश को शराब पिलाई गई, फिर देर शाम वे उसे महेवा नहर के पास पुलिया पर ले गए, जहां विनोद ने राजेश कुमार को पकड़ लिया और राहुल ने चाकू से उसका गला रेतकर हत्या कर दी। इसके बाद वे शव को नहर में फेंककर फरार हो गए।
एएसपी अनंत चंद्रशेखर ने बताया कि आरोपी जितेंद्र शर्मा उर्फ राहुल ने पूछताछ में बताया कि उसका राजेश के घर वर्षों से आना-जाना था। इसी दौरान उर्मिला से उसके प्रेम संबंध हो गए। इसको लेकर राजेश एवं उर्मिला में अक्सर विवाद होता था। उर्मिला ने अपने पति राजेश की हत्या करने का मुझ पर दबाव बनाया और इसके लिए दस हजार रुपये भी दिए। इसके बाद आरोपी राहुल ने अपने मित्र विनोद के साथ मिलकर साजिश रची और वारदात को अंजाम दिया। तीनों आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।





