भारत

400 के करीब पहुंचा डायरिया मरीजों की संख्या, प्रशासन पर मौत के आंकड़े दबाने का आरोप

Nil dhankar
5 Jan 2026 7:04 AM IST
400 के करीब पहुंचा डायरिया मरीजों की संख्या, प्रशासन पर मौत के आंकड़े दबाने का आरोप
x
पढ़े पूरी खबर

एमपी। शहर इंदौर की पहचान सफाई से होती थी, लेकिन अब सवाल पानी की शुद्धता पर उठ रहे हैं. इंदौर में दूषित पेयजल की वजह से फैले डायरिया के प्रकोप ने गंभीर रूप ले लिया है. अधिकारियों के मुताबिक, इस बीमारी के चलते अब तक 398 मरीज अस्पतालों में भर्ती कराए जा चुके हैं. इनमें से 256 मरीज ठीक होकर डिस्चार्ज हो चुके हैं, जबकि 142 मरीज अभी भी अस्पताल में इलाजरत हैं. इनमें 11 मरीज ICU में भर्ती हैं.

रविवार को अधिकारियों ने बताया कि हालात अब नियंत्रण में हैं, लेकिन निगरानी लगातार जारी है. सबसे साफ शहर में गंदा पानी, मौतें, नेताओं के बयान और आरोप-प्रत्यारोप ने पूरे सिस्टम को कटघरे में खड़ा कर दिया है. डायरिया संक्रमण के ग्राउंड जीरो माने जा रहे भगीरथपुरा इलाके में स्वास्थ्य टीमों ने रविवार को 2,354 घरों के 9,416 लोगों की जांच की. इस दौरान 20 नए डायरिया मरीज सामने आए. 429 पुराने मरीजों का फॉलोअप भी किया गया. इसी इलाके में दूषित पानी पीने से अब तक 6 लोगों की मौत हो चुकी है.

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. माधव प्रसाद हासानी ने बताया कि कोलकाता स्थित नेशनल इंस्टीट्यूट फॉर रिसर्च इन बैक्टीरियल इंफेक्शंस (NIRBI) की एक टीम इंदौर पहुंच चुकी है. यह संस्थान ICMR से संबद्ध है. उन्होंने कहा कि NIRBI के विशेषज्ञ स्वास्थ्य विभाग को तकनीकी सहयोग दे रहे हैं, ताकि संक्रमण को पूरी तरह रोका जा सके और इसके कारणों की गहराई से जांच हो सके.

डॉ. हासानी ने बताया कि भागीरथपुरा इलाके के प्रत्येक घर में ओआरएस के 10 पैकेट और 30 जिंक गोलियां वितरित की गईं. पानी को शुद्ध करने के लिए क्लीन वेट की बोतल की किट प्रत्येक घरों में दी गई है. उपयोग के बारे में भी विस्तार से बताया जा रहा है. इलाके में 17 टीमें लगाई हैं. यहां 5 एंबुलेंस लगाई गई हैं. 24 घंटे डॉक्टर्स की ड्यूटी है. प्रशासन ने अब तक 6 मौतों की आधिकारिक पुष्टि की है. हालांकि, इंदौर के मेयर पुष्यमित्र भार्गव ने मृतकों की संख्या 10 बताई है. स्थानीय लोगों का दावा है कि 6 महीने के बच्चे समेत 16 लोगों की मौत हुई है.

Next Story
null