भारत

दुंदा पुल के पास फिर खिसक गया पहाड़

Shantanu Roy
24 April 2024 12:11 PM GMT
दुंदा पुल के पास फिर खिसक गया पहाड़
x
भरमौर। खड़ामुख-होली मार्ग दुंदा पुल के पास भूस्खलन वाले हिस्से के ऊपर पहाड़ का एक बड़ा हिस्सा खिसक रहा है। इसके चलते लगातार दूसरे दिन भी इस स्थान पर पत्थर और मलबा गिरने का दौर जारी रहा। हांलाकि इस दौरान लोक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियंता मीत शर्मा भी मौके पर पहुंचे थे और एक तरफ से मशीनरी भी यहां पर कार्य में लगी रही। लेकिन अब सबसे बडी परेशानी यह है कि जब तक गिरने को तैयार चटटानें और मलबा नीचे तक नहीं पहुंचते, यहां पर सडक के यातायात के लिए बहाल होने की उम्मीद नहीं की जा सकती है। फिर भी लोक निर्माण विभाग दावा कर रहा है कि अगर मौसम और परिस्थितियां ठीक रहती है तो जल्द सडक को यातायात हेतु बहाल कर दिया जाए। उल्लेखनीय है कि मंगलवार को होली मार्ग को बंद हुए पूरा एक सप्ताह हो चुका है। बीते रोज लोक निर्माण विभाग यहां सडक बहाल की उम्मीद कर रहा था।

लेकिन इसी हिस्से में दोबारा भूस्खलन के साथ चटटानें और पत्थर गिरने का सिलसिला आरंभ हो गया। नतीजतन यहां पर सडक के बहाल होने की उम्मीदें भी धराशाही हो गई। उधर, क्षतिग्रस्त सडक के उपरी हिस्से में पहाड़ के ऊपर एक बड़े हिस्से के खिसकने की तस्वीर सामने आई है। जिसमें साफ दिख रहा है कि भू-स्खलन वाली जगह के ठीक ऊपर से बड़ा हिस्सा खिसका है, जो खतरा बना है। लोक निर्माण विभाग के भरमौर स्थित अधिशाषी अभियंता मीत शर्मा का कहना है कि मंगलवार को वह मौके पर पहुंचे थे और इस दौरान एक तरफ से सडक़ बहाली के लिए मशीन मौके पर लगाई गई थी। उन्होंने कहा कि लगातार पत्थर और मलबा गिर रहा है। इसके चलते यहां पर कार्य करने में भी बाधा हो रही है। उन्होंने कहा कि बीते दिनों एक आपरेटर पत्थर की चपेट में आकर घायल हो चुका है। मीत शर्मा ने कहा कि 100 मीटर के हिस्से में लूज मटीरियल फंसा हुआ है। अगर भू-स्खलन का दौर थम जाता है, तो एक दिन में भी सडक़ को बहाल कर देंगे।
Next Story