मोबाइल को हीरे और सोना से सजा रखी थी, गिरफ्तार महिला एंकर पर बड़ा खुलासा

नोएडा। एक न्यूज चैनल के सीईओ और मुख्य संपादक से 60 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में लगातार नए खुलासे हो रहे हैं। जांच में सामने आया है कि महिला एंकर शाजिया निसार हीरे-सोने से जड़ा 25 लाख की कीमत का लिमिटेड एडिशन वाला मोबाइल रखती थी। शौक के लिए विदेश से कई बिल्लियां मंगाई थीं।
यही नहीं, इसी साल 7 फरवरी को उसने 25 लाख रुपये की स्कॉर्पियो गाड़ी भी खरीदी थी। इसका भुगतान शाजिया के खाते से किया गया। शाजिया के बैंक खातों से 30 लाख रुपये से अधिक की रकम जुलाई 2024 से जून 2025 तक सहयोगी आदर्श झा को भेजी गई थी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि रंगदारी मामले में एक समाचार चैनल की महिला पत्रकार (एंकर) शाजिया निसार और डिजिटल मीडिया के एंकर आदर्श झा को गिरफ्तार किया गया है।
दोनों आरोपी समाचार चैनल के सीईओ से दो करोड़ 26 लाख रुपये की रकम ऐंठ चुके थे। शेष रकम न देने पर झूठे केस में फंसाने की धमकी दे रहे थे। चैनल के अधिकारियों की तरफ से दोनों के खिलाफ केस दर्ज कराया गया था। जांच के बाद दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया। जांच के दौरान सामने आया कि जुलाई 2024 से मई 2025 तक शाजिया के खाते में दो करोड़ 26 लाख रुपये भेजे गए। 15 जुलाई 2024 को तीन लाख, 23 अगस्त और 30 नवंबर 2024 को 11-11 लाख, एक फरवरी को 51 लाख, दस मार्च और तीन अप्रैल को 50-50 लाख, 15 मई को दो बार में 50 लाख रुपये भेजे गए। कुल आठ बार में शाजिया के खाते में रकम आई।
इस दौरान शाजिया के खातों से 30 लाख से अधिक की रकम आरोपी आदर्श झा के खाते में ट्रांसफर की गई। बताया जा रहा है कि दिल्ली के तिलक नगर में शाजिया ने इस दौरान एक फ्लैट भी खरीदा। पुलिस फ्लैट के दस्तावेजों की जांच कर रही है। जांच में यह भी सामने आया है कि शाजिया के साथ आदर्श झा कई बार जयपुर गया। जयपुर में दोनों की साथ में कई फुटेज भी पुलिस को मिली हैं। दावा यह भी किया जा रहा है कि शाजिया ने 60 करोड़ रुपये की रकम अदा करने के लिए चार महीने का समय दिया था। हर महीने 15 करोड़ रुपये देने की रियायत उसकी ओर से दी गई थी। इस हाईप्रोफाइल मामले के अलग-अलग एंगल से तेजी से जांच की जा रही है।





