भारत

कैबिनेट जाएगा ट्रकों के एसआरटी का मामला

Shantanu Roy
14 July 2025 4:23 PM IST
कैबिनेट जाएगा ट्रकों के एसआरटी का मामला
x
Shimla. शिमला। हिमाचल प्रदेश में सेब सीजन के दौरान आने वाले बाहरी राज्यों के ट्रकों का एसआरटी माफ करने का मामला कैबिनेट में जाएगा। आगामी दिनों में होने वाली कैबिनेट की बैठक के लिए परिवहन विभाग की तरफ से यह मामला भेजा जाएगा। इससे यहां बड़ी संख्या में दूसरे राज्यों से ट्रक आते हैं और लगभग डेढ़ से दो महीने तक यहां से सेब की ढुलाई का काम करते हैं, क्योंकि हिमाचल में जरूरत के हिसाब से ट्रकों की उपलब्धता नहीं है, लिहाजा दूसरे राज्यों से सरकार को ट्रक मंगवाने पड़ते हैं। पूरे सीजन में यह काम करते हैं और इस दौरान सरकार इनका एसआरटी माफ करती है। बताया जा रहा है कि पहली अगस्त से यहां पर ट्रकों का एसआरटी माफ किया जाता है, जिसके लिए परिवहन विभाग अगले कैबिनेट में प्रस्ताव लाएगा, क्योंकि मंत्रिमंडल से इस छूट को देने के लिए मंजूरी लेनी पड़ती है। लिहाजा इस सेब सीजन के लिए इस दिशा में काम
शुरू हो जाएगा।


इससे बागबानों को सेब ढुलाई में फिर कोई परेशानी पेश नहीं आती। इस बार प्रदेश में सेब का सीजन भी अच्छा चलने की उम्मीद है, क्योंकि सेब की फसल इस बार काफी ज्यादा बताई जा रही है। हालांकि आपदा के चलते सडक़ों की स्थिति को लेकर चिंता कायम है, मगर फिर भी अभी सेब सीजन की शुरुआत में सडक़ें खुली हुई हैं। वैसे कुल्लू वैली में थोड़ी दिक्कत जरूर है, जहां पर गत शनिवार मुख्य मार्ग बंद हो गया था, मगर अब इसे भी शुरू कर दिया गया है। इसके अलावा इस बार थुनाग आदि क्षेत्रों में आपदा से बड़ा नुकसान हुआ है, जहां पर सडक़ें बहाल नहीं हो पाई हैं। इस कारण वहां के सेब सीजन को नुकसान हो सकता है, परंतु सरकार पूरी तरह से बहाली में जुटी हुई है। ऐसे में दूसरे राज्यों से ट्रकों को यहां पर ढुलाई के लिए बुलाने की तैयारी है और इस पर राज्य सरकार उनका एसआरटी माफ कर सकती है।
Next Story