भारत

माल रोड पर फिर सजी तहबाजारी बेतरतीब तरीके से पार्क की जा रही गाडिय़ां

Shantanu Roy
15 Dec 2025 5:49 PM IST
माल रोड पर फिर सजी तहबाजारी बेतरतीब तरीके से पार्क की जा रही गाडिय़ां
x
सोलन। शहर का दिल कहे जाने वाले मालरोड पर रविवार को एक बार फिर तहबाजारी सज गई। जहां एक ओर दिनभर माल रोड पर वाहन पार्क रहे, वहीं तहबाजारी भी सज रही। लेकिन लगातार इस सज रही तहबाजारी को लेकर निगम व प्रशासन मौन है। तहबाजारी करने वाले सुबह से लेकर शाम तक सडक़ किनारे और पैदल मार्ग पर डटे रहते हैं। इस कारण न केवल वाहन चालकों व पैदल राहगीरों को मुश्किलें होती हैं बल्कि माल रोड की सुंदरता को भी ग्रहण लगता है। रही सही कसर यहां-वहां धड़ल्ले से पार्क किए गए वाहन पूरी कर देते हैं। एक और जहां प्रशासन शहर में अतिक्रमण को लेकर जल्द ही मुहिम छेडऩे वाला है, वहीं रविवार को शहर के बाजारों विशेषकर माल रोड पर लगने वाली तहबाजारी को लेकर सुध नहीं ली जा रही है। निगम सहित जिला प्रशासन बार-बार मालरोड की सुंदरता को बढ़ाने की बात तो करता है, लेकिन जमीनी हकीकत इसके विपरीत है।
नो पार्किंग जोन घोषित किए गए पुराने बस स्टैंड से लेकर ओल्ड डीसी आफिस चौक मार्ग पर सप्ताहभर बेतरतीब पार्क किए गए वाहन जहां लोगों की मुश्किलों को बढ़ाते हैं, वहीं रविवार को स्थानीय व बाहरी राज्यों से आने वाले व्यवसायी तहबाजारी सजाकर बैठ जाते हैं। सोलन शहर के बाजार पहले ही अतिक्रमण के चलते तंग गलियां बनकर रह गए हैं। इसके अलावा अब माल रोड पर हर रविवार को सज रही तहबाजारी ने और अधिक परेशानी बढ़ा दी है। यहां उल्लेखनीय है कि माल रोड की सुंदरता को बनाए रखने के लिए इसे वर्षों पहले नो पार्किंग जोन घोषित किया गया था। इन आदेशों की वाहन चालक विशेषकर दोपहिया वाहन चालक धड़ल्ले से अवहेलना कर रहे हैं। माल रोड पर दिनभर चलने वाले ट्रैफिक और बेतरतीब खड़े वाहनों से अकसर जाम की स्थिति भी बन जाती है। वहीं, पैदल राहगीरों को कोई नुकसान न पहुंचे इसके लिए करीब चार वर्ष पूर्व माल रोड की नालियों को ढककर पैदल मार्ग का निर्माण किया गया था। लेकिन इस पैदल मार्ग पर या तो दुकानदार अपना सामान सजा कर बैठे रहते हैं या फिर दोपहिया वाहन पार्क किए जाते हैं। रही सही कसर रविवार को तहबाजारी से पूरी हो जाती है।
Next Story