भारत

बीमार था मासूम, लड़ने लगे पति-पत्नी, मौत से घर का चिराग बुझा

Nil dhankar
27 July 2025 7:25 AM IST
बीमार था मासूम, लड़ने लगे पति-पत्नी, मौत से घर का चिराग बुझा
x
पढ़े पूरी खबर

कानपुर। सेन पश्चिम पारा में दंपति के बीच विवाद के दौरान हुई छीना-झपटी मासूम के लिए काल बन गई। इस दौरान दो वर्षीय बच्चे की जमीन पर गिरने से मौत हो गई। शनिवार को शव लेकर पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे मामा ने आरोप लगाया कि बच्चे के दिल में छेद था। उसके इलाज से तंग आकर बहनोई ने भांजे को पटककर जान ले ली। पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।

सिद्धार्थ नगर निवासी मनोज उर्फ मयंक सैनी सीसीटीवी कैमरे लगाने का काम करते हैं। परिवार में पत्नी दीक्षा हैं। इनके दो वर्षीय बेटा स्वास्तिक था। मनोज के पिता रामबाबू के मुताबिक बेटे की शादी तीन साल पहले नौबस्ता आवास विकास की दीक्षा से हुई थी। बहू अक्सर मायके की जिद करती थी। तभी बेटे-बहू में विवाद होता था। पौत्र स्वास्तिक के दिल में छेद था जिसके इलाज के लिए छत्तीसगढ़ स्थित अस्पताल में बातचीत हुई थी।

गुरुवार को पौत्र को अचानक बुखार आ गया। उसकी दवा लेने के लिए बेटा-बहू दोनों अस्पताल गए थे। अस्पताल से लौटने के बाद बहू मायके जाने की जिद करने लगी जबकि बेटा मना कर रहा था। इसी बात पर दोनों में विवाद हो गया। पौत्र को लेने के लिए उनके बीच छीना-झपटी होने लगी जिसमें स्वास्तिक गिरकर घायल हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया। सिर पर चोट लगने की वजह से शुक्रवार शाम उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। अस्पताल प्रबंधन की सूचना पर पुलिस पहुंच गई। उधर, दीक्षा के मायके पक्ष के लोग भी पहुंच गए। बच्चे के मामा शोभित सैनी ने आरोप लगाया कि भांजे का इलाज कराने में असमर्थ बहनोई ने उसे जमीन पर पटक दिया। सिर पर गंभीर चोट से भांजे की मौत हो गई। आरोप लगाया कि इस घटना के बाद बहनोई ने कमरा बंद कर लिया। कई घंटे इलाज ने मिलने से भांजे की हालत और बिगड़ती चली गई। बहन ने सूचना दी जिस पर वह लोग पहुंचे और भांजे को निजी अस्पताल में भर्ती कराया। सेन पश्चिम पारा थाना प्रभारी कुशल पाल सिंह ने बताया कि दंपत्ति के बीच विवाद के दौरान छीना-झपटी में बच्चा गिरकर घायल हो गया था। इलाज के दौरान उसकी मौत हुई है।


Next Story
null