
यूपी। प्रयागराज के प्रीतमनगर में एक विवाहिता ने पारिवारिक अनबन से क्षुब्ध होकर गुरुवार रात फांसी लगाकर जान दे दी। घटना का अंदेशा होने पर दरवाजा तोड़कर पति कमरे में पहुंचा तो पत्नी का शव फंदे से लटकता देख हक्का-बक्का रह गया। उसने पहले शव को फंदे से नीचे उतारा। फिर चाकू से अपने हाथ की नस काटकर पुलिस चौकी पहुंच गया। पुलिस ने विवाहिता के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम को भेजा। मृतका के पिता की तहरीर पर पति के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस दंपती की मोबाइल कब्जे में लेकर मामले की जांच में जुटी है।
कौशाम्बी के मोहीद्दीनपुर थाना चरवा निवासी देवेंद्र सिंह यादव की लगभग दो वर्ष पहले कौशाम्बी के ही भरवारी निवासी सेवानिवृत्त पीएसी उपनिरीक्षक धनराज सिंह की पुत्री 31 वर्षीय दीपा यादव से शादी हुई थी। देवेंद्र सिंह प्रयागराज के प्रीतमनगर में किराए का कमरा लेकर पत्नी के साथ रहता था। वह निजी कंपनी में काम करता है। पुलिस के अनुसार, दो महीने पहले विवाद होने पर दीपा अपने मायके चली गई थी। पुलिस चौकी पर समझौते के बाद एक सप्ताह पहले ही दीपा लौटी थी। देवेंद्र सिंह यादव गुरुवार रात लगभग दस बजे घर लौटा, तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था।
आवाज लगाने के बाद भी कोई जवाब नहीं मिलने पर खिड़की से झांका, तो अंदर फांसी के फंदे पर दीपा लटकी हुई दिखी। देवेंद्र दरवाजे का लॉक तोड़कर कमरे के अंदर गया और फंदे से दीपा के शव को नीचे उतारकर बेड पर रखा। इसके बाद उसने चाकू से अपने बाएं हाथ की नस काट ली। देर रात देवेंद्र ने नींवा पुलिस चौकी पहुंचकर जानकारी दी। घटना की जानकारी होते ही एसीपी धूमनगंज अजेंद्र यादव व थाना प्रभारी अमरनाथ राय फॉरेंसिक टीम के साथ पहुंचे। पुलिस ने देवेंद्र सिंह को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। थाना प्रभारी अमरनाथ राय ने बताया कि मृतका के पिता की तहरीर पर दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। दीपा ने गुरुवार की रात फांसी लगाने से पहले अपने पति देवेंद्र को वीडियो कॉल किया था। उसने देवेंद्र के घर लौटने में देरी होने पर नाराजगी जाहिर की थी। इसके बाद दो बार ऑडियो कॉल कर बात की थी लेकिन, जब देवेंद्र घर पहुंचा, तो दीपा फांसी के फंदे पर लटकती मिली। पुलिस ने दोनों का मोबाइल जब्त कर लिया है। सूत्रों की मानें तो नींवा पुलिस चौकी पर गुरुवार रात नस काटकर पहुंचने के बाद देवेंद्र पुलिसकर्मियों से उसे गोली मारने की गुहार लगाने लगा। बार-बार एक ही बात दोहराता रहा कि पत्नी ने फांसी लगा ली, अब वह जिंदा रहकर क्या करेगा। पुलिस के समझाने के बाद उसे सारी घटना बताई।





