भारत

वनों को आग से बचाने को लेकर वन विभाग ने संभाला मोर्चा

Shantanu Roy
22 May 2026 4:21 PM IST
वनों को आग से बचाने को लेकर वन विभाग ने संभाला मोर्चा
x
Dalhousie. डलहौजी। वनमंडल डलहौजी की ओर से गर्मियों के मौसम में वन अग्नि की घटनाओं को रोकने के लिए जंगलों में गिरे पाइन निडल्स (चीड़ की सूखी पत्तियों) को हटाने का अभियान तेज कर दिया गया है। वन खंड अधिकारी संदीप गुलेरिया की अगवाई में टीमें विभिन्न वन क्षेत्रों में लगातार सफाई कार्य में जुटी हुई हैं ताकि आग लगने की संभावनाओं को समय रहते कम किया जा सके। इसी क्रम में गुरुवार को घराटगल्ला बीट के अंतर्गत गार्ड हट के समीप, डलहौजी-बलेरा मार्ग के किनारे तथा जंगल के भीतर बने रास्तों पर भी चीड़ की सूखी पत्तियों की व्यापक सफाई की गई। वनरक्षक हरीश ने अपनी टीम सहित संवेदनशील क्षेत्रों से पाइन निडल्स हटाकर वन अग्नि फैलने के खतरे को कम करने का प्रयास करने के साथ लोगों को जागरूक भी किया। बताते चलें कि चीड़ के जंगलों में गिरने वाली सूखी पत्तियां अत्यधिक
ज्वलनशील होती हैं।

गर्मियों के दौरान छोटी सी चिंगारी भी बड़े वन अग्निकांड का रूप ले सकती है। ऐसे में समय रहते इन सूखी पत्तियों को हटाना वन संरक्षण की दृष्टि से बेहद आवश्यक माना जा रहा है। विभाग की ओर से वन अग्नि की दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी भी रखी जा रही है। वनमंडलाधिकारी डलहौजी रजनीश महाजन ने कहा कि विभाग ग्रामीणों और पर्यटकों को भी जंगलों में आग से बचाव को लेकर जागरूक कर रहा है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि जंगलों में जलती हुई वस्तुएं, बीड़ी-सिगरेट अथवा अन्य ज्वलनशील सामग्री न फेंकें। उन्होंने कहा कि पाइन निडल्स हटाने के इस अभियान से न केवल वन अग्नि की घटनाओं पर नियंत्रण पाने में मदद मिलेगी बल्कि जंगलों की हरियाली और वन्यजीवों की सुरक्षा भी सुनिश्चित हो सकेगी।
Next Story