भारत

गंगा में भी नहीं धुलेंगे देवभूमि को शर्मसार करने वालों के मैल

Shantanu Roy
14 March 2024 9:54 AM GMT
गंगा में भी नहीं धुलेंगे देवभूमि को शर्मसार करने वालों के मैल
x
नाहन। धन बल से जनमत का अपमान करने वालों को प्रदेश की जनता सबक सिखाएगी, यह हमला मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बागी नेताओं पर सिरमौर जिला के शिलाई से किया। बागी विधायकों पर तंज कसते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले पंचकूला, फिर ऋषिकेश तथा अब ऋषिकेश से उडक़र हरिद्वार में बागी नेता पवित्र गंगा को मैला कर रहे हैं। अब जनता पैसों के दम पर उडऩे वाले नेताओं को राजनीति से उड़ाएगी। जो लोग सत्ता की कुर्सी नोट के दम पर खरीदना चाहते हैं, वे कभी जनता के नहीं हो सकते। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के बागी विधायक पहले पंचकूला के आलीशान होटल में, फिर ऋषिकेश और अब सूचना आ रही है कि वहां से भी उड़ गए हैं। जो लोग कांग्रेस के टिकट पर चुनकर आए हैं, उन लोगों ने पार्टी के साथ-साथ आम मतदाताओं से भी धोखा किया है। अब उनके मन में डर सता रहा है, इसलिए वे हरिद्वार पहुंच गए हैं, लेकिन उनके पाप गंगा में भी धुलने वाले नहीं हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन विधायकों ने अपने-अपने विधानसभा क्षेत्र के लोगों से धोखा कर विधायकी बेची है। अब नोट के दम पर भाजपा कुर्सी हथियाने की कोशिश कर रही है।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेश सरकार की योजनाओं व उपलब्धियों को लोगों के बीच रखा तथा कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार व्यवस्था परिवर्तन की कोशिश कर रही है। सरकार का प्रयास है कि सरकार की रोशनी हर वर्ग तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव में प्रदेश की जनता भाजपा का साथ नहीं देगी, अपितु जनता उनको सबक सिखाएगी। उन्होंने जनता का आह्वान किया कि हिमाचल देवभूमि है तथा कभी भी नोट के लिए काम करने वालों का साथ न दें। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने राहत मैनुअल में बदलाव कर पीडि़तों को राहत पहुंचाने का काम किया है। इससे पूर्व प्रदेश सरकार के उद्योग, संसदीय कार्य, श्रम एवं रोजगार मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने मुख्यमंत्री का जोरदार स्वागत किया तथा क्षेत्र की मांगों से उन्हें अवगत करवाया। हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री के आशीर्वाद से शिलाई क्षेत्र को विकास का आदर्श बनाया जाएगा। इस अवसर पर विधानसभा उपाध्यक्ष विनय कुमार, नाहन के विधायक अजय सोलंकी, जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष आनंद परमार, गिरिपार हाटी कल्याण मंच के प्रताप सिंह तोमर आदि ने भी अपने विचार रखे।
Next Story