भारत

किसान की चालाकी नहीं टिक पाई, अफीम की खेती करते पकड़ाया

Nilmani Pal
13 March 2026 8:41 AM IST
किसान की चालाकी नहीं टिक पाई, अफीम की खेती करते पकड़ाया
x
पढ़े पूरी खबर

राजस्थान। राजधानी जयपुर में पुलिस के नशा विरोधी अभियान के दौरान एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने सभी को चौंका दिया. यहां एक खेत में प्याज की फसल के बीच अवैध रूप से अफीम की खेती की जा रही थी. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए खेत से 363 अफीम के पौधे बरामद किए और आरोपी किसान को गिरफ्तार कर लिया.

बताया जा रहा है कि आरोपी ने अपनी करतूत को छिपाने के लिए बेहद चालाक तरीका अपनाया था. उसने अफीम के पौधों को इस तरह प्याज की फसल के बीच लगाया कि दूर से देखने पर खेत सामान्य फसल जैसा ही दिखाई दे. लेकिन पुलिस की सतर्कता और सूचना तंत्र की सक्रियता के चलते यह अवैध खेती ज्यादा समय तक छिपी नहीं रह सकी. पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जयपुर के खोराबीसाल थाना क्षेत्र में आने वाले किशनपुरा गांव में अफीम की अवैध खेती होने की सूचना मिली थी. सूचना मिलने के बाद थाना पुलिस ने तत्काल एक टीम गठित की और मामले की पुष्टि के लिए खेत की निगरानी शुरू कर दी. जांच में जब सूचना सही पाई गई तो पुलिस ने स्थानीय राजस्व अधिकारियों को साथ लेकर खेत में छापा मारा. खेत की जांच के दौरान पुलिस को प्याज की फसल के बीच बड़ी संख्या में अफीम के पौधे लगे मिले. इसके बाद पूरी कार्रवाई विधिक प्रक्रिया के तहत की गई.

छापेमारी के दौरान पुलिस और राजस्व विभाग की टीम ने खेत की बारीकी से जांच की. जांच में पाया गया कि प्याज की कतारों के बीच अफीम के पौधे लगाए गए थे. कई पौधे इतने सावधानी से लगाए गए थे कि पहली नजर में उन्हें पहचानना आसान नहीं था. जब पौधों की गिनती की गई तो कुल 363 अफीम के पौधे खेत में पाए गए. इन पौधों की ऊंचाई लगभग एक फीट से लेकर तीन फीट तक थी. पुलिस ने मौके पर ही सभी पौधों को उखाड़कर जब्त कर लिया. अधिकारियों के मुताबिक जब इन पौधों को इकट्ठा कर तौला गया तो उनका कुल वजन करीब 65.5 किलोग्राम निकला. इतनी बड़ी मात्रा में अफीम के पौधे मिलने के बाद पुलिस ने इसे गंभीर मामला मानते हुए तुरंत कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी.

जांच के दौरान पुलिस को एक और महत्वपूर्ण तथ्य मिला. कई अफीम के पौधों की फलियों पर चीरे लगाए गए थे. इन चीरे से सफेद रंग का दूध जैसा तरल पदार्थ बाहर निकलता पाया गया. विशेषज्ञों के अनुसार यही तरल पदार्थ आगे चलकर अफीम बनाने का मुख्य स्रोत होता है. इसका मतलब यह है कि आरोपी सिर्फ पौधे उगा ही नहीं रहा था, बल्कि उनसे अफीम निकालने की प्रक्रिया भी शुरू कर चुका था. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह संकेत देता है कि आरोपी इस अवैध खेती को लंबे समय से चला रहा था और जल्द ही इससे अफीम तैयार करने की योजना में था.

पुलिस ने इस मामले में खेत के मालिक रामलाल शर्मा को गिरफ्तार कर लिया है. प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने अफीम की खेती करने की बात स्वीकार की है, हालांकि पुलिस अभी उससे और भी कई पहलुओं पर पूछताछ कर रही है. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी अकेले इस अवैध काम को अंजाम दे रहा था या फिर उसके पीछे किसी बड़े नेटवर्क का हाथ है. कई बार ऐसी खेती के पीछे नशीले पदार्थों के तस्करों का संगठित गिरोह भी सक्रिय रहता है. अधिकारियों का कहना है कि जांच के दौरान अगर किसी और व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी.


Next Story
null