भारत
तीर्थ पर गया था परिवार, मायके चली गईं बहुएं; सूना घर देख 35 लाख के जेवर ले उड़े चोर, जाते-जाते CCTV भी उखाड़ ले गए
jantaserishta.com
15 Jun 2026 10:26 AM IST

x
मचा हड़कंप.
करनाल: हरियाणा के करनाल जिले के पॉश सेक्टर-7 इलाके में चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है. परिवार के सदस्य धार्मिक यात्रा पर श्री बद्रीनाथ गए हुए थे, जबकि घर की बहुएं अपने मायके में थीं. इसी दौरान शातिर चोरों ने सूने मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के जेवरात, नकदी और चांदी के सिक्कों पर हाथ साफ कर दिया. इतना ही नहीं, बदमाश घर में लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर भी अपने साथ ले गए, ताकि उनके खिलाफ कोई सबूत न बच सके.
जानकारी के अनुसार परिवार के सदस्य यात्रा के दौरान मोबाइल फोन के जरिए घर में लगे कैमरों की निगरानी कर रहे थे. वापसी के दौरान उन्हें कैमरों की फीड बार-बार बफरिंग होती दिखाई दी. उस समय उन्होंने सोचा कि शायद नेटवर्क की दिक्कत है, लेकिन जब सोमवार को परिवार घर पहुंचा तो वारदात का खुलासा हुआ.
घर के मेन गेट से अंदर प्रवेश करते ही परिवार के लोगों के होश उड़ गए. मकान का लकड़ी का दरवाजा टूटा हुआ था. अंदर जाकर देखा तो कमरों के दरवाजों के लॉक टूटे पड़े थे और पूरा सामान बिखरा हुआ था. अलमारियां और लॉकर तोड़ दिए गए थे. बेड और कमरों में सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था.
पीड़ित परिवार के मुताबिक चोर करीब 30 से 35 लाख रुपये मूल्य के सोने के आभूषण, 2 से ढाई लाख रुपये की नकदी और बड़ी संख्या में चांदी के सिक्के चोरी कर ले गए. वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश सीसीटीवी सिस्टम का डीवीआर भी उखाड़कर अपने साथ ले गए.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए. इसके अलावा सीआईए की टीमें भी मौके पर पहुंचीं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है.
पॉश इलाके में हुई इस बड़ी चोरी ने स्थानीय लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है. फिलहाल पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने का दावा कर रही है. अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि पुलिस इस हाई-प्रोफाइल चोरी का खुलासा कब तक कर पाती है.
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





