भारत

दंपति ने बुजुर्ग की हत्या की, डीजल डालकर जला दिया था शव को

Nil dhankar
31 July 2026 8:33 AM IST
दंपति ने बुजुर्ग की हत्या की, डीजल डालकर जला दिया था शव को
x
पढ़े पूरी खबर

यूपी। उरई में लगभग तीन माह पुराने चर्चित विजेंद्र मोर अपहरण-हत्याकांड का गुरुवार को सनसनीखेज खुलासा कर पुलिस ने आरोपी दंपति को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी मोहित मलिक और उसकी पत्नी सपना दोनों पर ही 50-50 हजार रुपये का इनाम था। हालांकि मामले में तीन आरोपी अभी भी फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने पूछताछ में कबूला कि 4 मई को तड़के अपहरण करने के कुछ ही देर बाद उन्होंने विजेंद्र मोर की गला घोटकर हत्या कर दी और फिर शव को ठिकाने लगाने के लिए लगभग 20 घंटे तक कार में लिए घूमते रहे।

आधी रात को वे शव ले हमीरपुर के जलालपुर क्षेत्र के जंगल में पहुंचे और 40 लीटर डीजल डालकर आग लगा दी। पुलिस के मुताबिक वारदात शादीशुदा युवती से मोहब्बत और करोड़ों की जमीन के विवाद के चलते अंजाम दी गई। एसपी विनय कुमार सिंह के मुताबिक चार मई 2026 की सुबह हरियाणा के जींद निवासी 52 वर्षीय विजेंद्र मोर उरई कोतवाली क्षेत्र के रिनिया गांव स्थित ट्यूबवेल पर सो रहे थे। तभी चार लोग वहां पहुंचे और उन्हें जबरन कार में बैठाकर ले गए। विजेंद्र के साथी व रिश्तेदार अमरीक सिंह की तहरीर पर उरई कोतवाली में अपहरण का मुकदमा दर्ज किया गया।

विवेचना जैसे-जैसे आगे बढ़ी, मामला सुनियोजित हत्या की साजिश में बदलता चला गया। पुलिस के अनुसार विवेचना में सामने आया कि आरोपी सपना रानी और विजेंद्र मोर के बीच प्रेम संबंध थे। विजेंद्र की उम्र ज्यादा होने की वजह से सपना ने मोहित मलिक से शादी कर ली। हालांकि शादी के बाद भी दोनों के बीच मोबाइल पर बातचीत जारी रही। इसी बात को लेकर मोहित मलिक और विजेंद्र के बीच विवाद हुआ।

दूसरी ओर विजेंद्र की करीब पांच करोड़ रुपये की जमीन के लेन-देन को लेकर भी रंजिश चल रही थी। पुलिस के मुताबिक, चार मई को अपहरण के कुछ ही देर बाद कार के भीतर विजेंद्र का गला घोट दिया गया। हत्या के बाद आरोपी पूरे दिन और आधी रात तक शव को कार में लेकर घूमते रहे। देर रात हमीरपुर जिले के जलालपुर थाना क्षेत्र के जंगल में शव पर करीब 40 लीटर डीजल डालकर आग लगा दी गई ताकि पहचान और साक्ष्य पूरी तरह नष्ट हो जाएं।करीब 86 दिन तक चली विवेचना, तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने 29 जुलाई को कदौरा क्षेत्र से 50-50 हजार रुपये के इनामी मोहित मलिक और उसकी पत्नी सपना रानी निवासी गण ग्राम शामलो कला थाना जुलाना जिंद हरियाणा को गिरफ्तार कर लिया। उनकी निशानदेही पर जंगल से जले हुए विजेंद्र के कंकाल के कुछ हिस्से बरामद किए। पुलिस का कहना है कि वारदात में शामिल तीन अन्य आरोपियों भगवान, संजीव उर्फ कोकला निवासी गांव ग्राम शामलो कला थाना जुलाना जिंद हरियाणा और अमरजीत निवासी ग्राम बिसान बेरी जिला झज्जर हरियाणा की तलाश है।

Next Story