भारत

जिला सिरमौर के मैदानी भागों में गर्मी से हालत बेहाल

Shantanu Roy
16 May 2024 10:23 AM GMT
जिला सिरमौर के मैदानी भागों में गर्मी से हालत बेहाल
x
नाहन। बीते 24 घंटे में जिला सिरमौर के मैदानी भागों में गर्मी से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। जिला सिरमौर के मैदानी भाग बीते 24 घंटे से भीषण गर्मी की चपेट में है। जिला के धौलाकुआं में बीते 24 घंटे में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया है। वहीं जिला के पांवटा साहिब, कालाअंब, ददाहू में भी अधिकतम तापमान 40 डिग्री को छू रहा है। दिन के समय आवाजाही पर असर पड़ा है। वहीं जिला के मैदानी भागों में न्यूनतम तापमान में वृद्धि जारी है। बीते 24 घंटे में जिला सिरमौर के धौलाकुआं में न्यूनतम तापमान भी 18 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, जबकि पांवटा साहिब में न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड हुआ। वहीं जिला मुख्यालय नाहन में न्यूनतम तापमान 19 डिग्री, जबकि अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस बीते 24 घंटे में दर्ज हुआ।

उधर मौसम विभाग के अनुसार मैदानी क्षेत्रों में आगामी 21 मई तक मौसम साफ बना रहेगा। जबकि मध्यम एवं ऊंचाई वाले क्षेत्रों में इस दौरान 17 से 21 के बीच हल्की बारिश की भी संभावनाएं व्यक्त की गई हैं। जारी गर्मी के स्पैल के बीच आईसक्रीम, जूस, कोल्ड ड्रिंक, तरबूज, खरबूजा, खीरा इत्यादि की मांग बढ़ी हुई है। वहीं स्वास्थ्य विभाग ने भी भीषण गर्मी के बीच डायरिया इत्यादि से लोगों को बचने की सलाह दी है। सीएमओ सिरमौर डा. अजय पाठक ने कहा है कि गर्मी के चलते लोगों को दिन की कड़ी धूप से बचना चाहिए। वहीं सन ग्लासेज, छतरी इत्यादि ओढक़र ही निकलना चाहिए। वहीं अधिक से अधिक पानी का सेवन करना चाहिए, ताकि डिहाइड्रेशन इत्यादि से बचा जा सके। उन्होंने कहा कि गर्मियों के दौरान बाजारों का खुला व बासी भोजन ना खाएं। वहीं तली व अधिक मसालेदार वस्तुओं को खाने से बचें।
Next Story