
यूपी। शाजापुर जिले में रविवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ. मजदूरों को लेकर जा रही एक निजी बस पलटने से 28 साल की महिला की मौत हो गई और 24 अन्य लोग घायल हो गए. पुलिस के मुताबिक हादसा सुबह करीब 4 बजे आगरा-मुंबई नेशनल हाईवे पर अभयपुर गांव के पास हुआ. यह स्थान जिला मुख्यालय से लगभग 12 किलोमीटर दूर है.
न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक एडिशनल एसपी घनश्याम मालवीय ने बताया कि यह बस गुजरात के जामनगर से मजदूरों को लेकर उनके गृह जिले लौटा रही थी. बस में ज्यादातर मजदूर उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के रहने वाले थे. पुलिस ने बताया कि सुनैरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आते इस हाईवे पर बस चालक ने तेज रफ्तार में गाड़ी चलाते हुए नियंत्रण खो दिया. लापरवाही से वाहन असंतुलित होकर सड़क किनारे पलट गया. हादसे में उत्तर प्रदेश के अकबरपुर निवासी 28 साल की महिला गायत्री बाई की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं 24 मजदूर घायल हो गए.
सूचना मिलते ही पुलिस, यातायात विभाग के अधिकारी और एम्बुलेंस मौके पर पहुंच गए. सभी घायलों को तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया. गंभीर रूप से घायल कुछ यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए अन्य अस्पतालों में रेफर किया गया है. अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने बताया कि बस चालक की पहचान की जा रही है और उसके खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है. प्राथमिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाह ड्राइविंग को हादसे की वजह बताया जा रहा है. स्थानीय लोगों ने भी मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य में मदद की. पुलिस ने बताया कि बस का रजिस्ट्रेशन और यात्री सूची खंगाली जा रही है ताकि घायलों के परिजनों को सूचित किया जा सके.





