
यूपी। हाथरस में किशोरी बहला फुसलाकर भगा ले जाने के मामले में आरोपी की गिरफ्तारी हो जाने के बाद उसे जेल जाने का डर सता रहा था। काफी देर हिरासत में रहने के बाद आरोपी शौच के बहाने से शौचालय में गया और फंदा लगाकर अपनी जान दे दी। खुदकुशी की सुनकर हवालात के बाहर बैठे परिजनों में चीख पुकार मच गई।
15 वर्षीय नाबालिग को ले जाने के मामले में नामजद चंदपाल को चंदपा पुलिस ने गाजियाबाद के लोनी पुलिस चौकी के निकट से गिरफ्तार कर लिया। वहीं किशोरी को पुलिस ने बरामद कर लिया। गुरुवार को आरोपी को पकड़कर पुलिस कोतवाली चंदपा ले आई। मुकदमा दर्ज होने और गिरफ्तारी के बाद जेल जाने का डर आरोपी को सता रहा था। काफी देर तक हवालात में बैठने के बाद आरोपी ने रात करीब 9:50 बजे उसने शौच जाने की बात कही। ड्यूटी पर तैनात सिपाही उसे शौचालय ले गया।
15 मिनट तक जब चंद्रपाल बाहर नहीं आया तो सिपाही को शक हुआ। उसने अंदर जाकर देखा तो चंद्रपाल अपने ही गमछे के फंदे के सहारे शौचालय के रोशनदान से लटक रहा था। तत्काल फंदे से उतारकर जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चंद्रपाल को मृत घोषित कर दिया गया। आरोपी के खुदकुशी की जानकारी थाने के बाहर बैठे परिजनों को लगी तो चीख पुकार मच गई। पुलिस ने आनन फानन शव को पोस्टमार्टम हाउस में रखवा दिया। आरोपी की मौत हो जाने के बाद पुलिस ने तीन चिकित्सकों के पैनल से पोस्टमार्टम आरोपी के शव का कराया। तो साथ ही वीडियो ग्राफी भी कराई गई। एसपी चिरंजीव नाथ सिंहा की माने तो आरोपी की मौत का कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हैगिंग आया है।





