
गोवा। असगांव स्थित हैप्पी बार जंक्शन पर तेज रफ्तार किराए की थार एसयूवी ने भोपाल से आए पर्यटकों की हैचबैक कार को जोरदार टक्कर मार दी. इस भयावह सड़क हादसे में 65 वर्षीय भगतराम शर्मा की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथ सवार दो अन्य यात्रियों को मामूली चोटें आईं. हादसे के दौरान कार में मौजूद पांच महीने का एक मासूम बच्चा पूरी तरह सुरक्षित बच गया, जिसे लोग चमत्कार मान रहे हैं.
चश्मदीदों के मुताबिक, किराए की थार को एक युवती चला रही थी, जिसने जंक्शन पर अपनी कार से कंट्रोल खो दिया था. स्थानीय लोगों का आरोप है कि हादसे के बाद थार में सवार युवतियों ने जवाबदेही से बचने के लिए आपस में ड्राइवर की सीट बदलने की कोशिश की. पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है.
हादसा उस वक्त हुआ, जब भोपाल से आया शर्मा परिवार अपनी निजी कार से गोवा की सैर पर निकला था. असगांव जंक्शन पर सामने से आ रही तेज रफ्तार थार ने उनकी कार को इतनी जबरदस्त टक्कर मारी कि गाड़ी का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया. टक्कर की आवाज सुनकर स्थानीय निवासी तुरंत मदद के लिए मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक भगतराम शर्मा दम तोड़ चुके थे.





