भारत

गांव की बैठक ने लगाया जुर्माना, तो फंदे पर झूला किशोर

Nil dhankar
24 Jun 2026 8:17 AM IST
गांव की बैठक ने लगाया जुर्माना, तो फंदे पर झूला किशोर
x
पढ़े पूरी खबर

यूपी। बदायूं के एक गांव की पंचायत का फैसला 14 साल के नाबालिग की जान पर भारी पड़ गया। पंचायत ने उस पर 10 हजार रुपए का जुर्माना लगाया जिससे दुखी होकर उसने आत्महत्या कर ली। किशोर का शव पेड़ से लटकता मिला। पंचायत ने किशोर पर यह जुर्माना गंगा में एक युवक की डूबने से मौत के बाद लगाया था। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने नाबालिग के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस घटना की जांच-पड़ताल में जुटी है।

बदायूं के कादरचौक थाना क्षेत्र के ककोड़ा गांव निवासी सुल्तान जाटव का बेटा राजीव आठ जून को गांव के अन्य युवकों और किशोरों के साथ कासगंज के कादरगंज में गंगा स्नान के लिए गया था। इस दौरान गांव का एक युवक गंगा में डूब गया था। कई दिन बाद उसका शव बरामद हुआ। युवक की मौत के बाद गांव में पंचायत बैठी, जिसने साथ गए सभी युवकों और किशोरों पर घटना की जिम्मेदारी तय करते हुए 10-10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया। पंचायत ने 23 जून तक रकम जमा करने को कहा था।

ग्रामीणों के अनुसार आर्थिक रूप से कमजोर परिवार से आने वाला राजीव जुर्माने की रकम को लेकर बेहद तनाव में था। बताया जा रहा है कि मंगलवार दोपहर राजीव घर से निकला और फिर नहीं लौटा। देर शाम उसका शव गांव के बाहर खेत में नीम के पेड़ से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। राजीव की जिंदगी पहले से ही संघर्षों से भरी पड़ी थी। परिजनों ने मामले में तहरीर दी है। उसकी मां की 12 साल पहले मौत हो चुकी थी। पिता मजदूरी करके परिवार चलाते हैं। तीन बहनों ने ही राजीव की परवरिश की। परिवार को उम्मीद थी कि बड़ा होकर राजीव घर का सहारा बनेगा लेकिन पंचायत के फैसले के बाद वह मानसिक दबाव में आ गया। घटना के बाद गांव में पंचायतों की कार्यशैली को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि किशोरों पर इतनी बड़ी रकम का दबाव डालना गलत था। वहीं किशोर के परिवारीजनों ने गंगा में डूबे युवक के परिवाार के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Next Story