भारत

बड़ा भंगाल पैदल पहुंची टीम, वापसी को चौपर की डिमांड

Shantanu Roy
25 May 2026 3:00 PM IST
बड़ा भंगाल पैदल पहुंची टीम, वापसी को चौपर की डिमांड
x
Hospice. धर्मशाला। हिमाचल में मिनी संसद के चुनाव के लिए जिला कांगड़ा के अति दुर्गम क्षेत्र बड़ा भंगाल में चुनाव प्रक्रिया पूरी करवाने के लिए चंबा से पोलिंग पार्टी पैदल पहुंच गई है। वहीं, टीम की वापसी के लिए चुनाव आयोग से चौपर की डिमांड की गई है। बता दें कि 26 मई को बड़ा भंगाल पंचायत के दोनों पोलिंग बूथों पर वोटिंग होगी। इसमें एक बूथ बड़ा भंगाल में स्थित है, जबकि दूसरा बीड़ में है। दोनों की मतपेटियां एकत्रित होने के बाद ही गिनती होगी। इसके लिए जिला निवार्चन अधिकारी की ओर से मतपेटियां स्ट्रांग रूम में पहुंचने के बाद निर्णय किया जाएगा। गौर हो कि जिला की सबसे दुर्गम पंचायत बड़ा भंगाल के 104 मतदाताओं के लिए मतदान प्रक्रिया को पूरा करने के लिए पांच सदस्यीय दल गुरुवार को चंबा के होली के रास्ते से बड़ा भंगाल को रवाना होने के बाद शनिवार को वहां पहुंच गया है। बड़ा भंगाल पंचायत में कुल 487 मतदाता हैं, और इनमें से 104 मतदाता
बड़ा भंगाल में मौजूद हैं।


शेष मतदाता अपने मत का प्रयोग बीड़ में करेंगे। 26 मई को होने वाले मतदान के बाद मौसम के अनुकूल होने पर हेलिकाप्टर से पांच सदस्यीय दल को मतपेटियों के साथ वापस लाने की मांग रखी गई है। बड़ा भंगाल स्कूल के बाढ़ में बह जाने पर इस बार बड़ा भंगाल स्थित वन विभाग के विश्रामगृह में यह पोलिंग बूथ स्थापित किया गया है। पंचायत में पांच वार्ड सदस्य, प्रधान, उप प्रधान, बीडीसी और जिला परिषद पद के लिए मतदान होगा। हालांकि पांच में से चार वार्ड प्रतिनिधि निर्विरोध चुने जा चुके हैं। प्रधान का पद ओबीसी महिला के लिए आरक्षित है, जिसमें दो उम्मीदवार मुकाबला कर रहे हैं। इसी प्रकार उपप्रधान के चार और बीडीसी के लिए दो उम्मीदवार भाग्य आजमा रहे हैं। अधिकांश मौकों पर पंचायत चुनाव सर्दियों के सीजन में होते थे और तब 45 के करीब मतदाता ही बड़ा भंगाल में मौजूद रहते थे, लेकिन इस बार गर्मियों के कारण 104 मतदाता अपने मत का प्रयोग कर रहे हैं।
Next Story