भारत

शिक्षक की हत्या, भतीजा शक के दायरे में

Nilmani Pal
7 Jun 2025 6:41 AM IST
शिक्षक की हत्या, भतीजा शक के दायरे में
x
पढ़े पूरी खबर

यूपी। अलीगढ़ में क्वार्सी थाना क्षेत्र के जाकिर नगर में बकरीद से पहले शुक्रवार देररात पारिवारिक रंजिश के चलते एक शिक्षक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इसका आरोप उन्हीं के भतीजे पर लगा है, जो गली के मोड़ पर ही घात लगाए बैठा था। उसने पूर्व में धमकी देकर ईद के दिन हत्या करने का ऐलान किया था। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस की तीन टीमें लगाई गई हैं। हालांकि देररात मामले में भतीजे समेत चार लोगों के खिलाफ तहरीर दी गई।

यह घटना रात करीब 10 बजे हुई। जाकिर नगर गली नंबर सात निवासी आमिर शुक्रवार रात को नमाज पढ़ने के लिए घर के पास ही मस्जिद में गए थे। वहां से लौट रहे थे। गली के मोड़ पर ही पहले से घात लगाए बैठे आरोपियों ने फायरिंग शुरू कर दी। एक गोली उनके सीने में लगी। वह बचने के लिए भागे, मगर गोली लगी होने के चलते पास के ही मकान की सीढ़ियों पर गिर गए। इसके बाद आरोपियों ने दो और फायर किए, जिसमें दूसरी गोली हाथ में लगी। आरोपी उन्हें लहूलुहान हालत में छोड़कर फरार हो गए। घटना के बाद परिजन व आसपास के लोग एकत्रित हो गए। पुलिस की मदद से आमिर को जेएन मेडिकल कॉलेज में ले जाया गया, जहां उनको मृत घोषित कर दिया गया। आमिर के परिवार में पत्नी, एक बेटा व एक बेटी है। वह इलाके में ही बच्चों को ट्यूशन पढ़ाते थे। जानकारी पर सीओ तृतीय सर्वम सिंह, थाना क्वार्सी प्रभारी नरेंद्र कुमार शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य जुटाए हैं।

पुलिस के अनुसार गोली मारने का आरोप निशात बाग निवासी भतीजे पर लगा है। उसका आपराधिक इतिहास भी है। हालांकि मामले में भतीजे के अलावा उसके भाई व पिता समेत चार लोगों के खिलाफ तहरीर दी गई है। बताया जा रहा है कि जिस जगह घटना हुई, वहां एक मकान के बाहर कैमरा लगा है। पूरी घटना उसमें कैद हुई है। देररात पुलिस की टीम कैमरों को खंगाल रही थी। आमिर के परिजनों का कहना है कि एक साल पहले बकरीद के दिन ही आरोपी के भाई की कूलर में करंट उतरने से मौत हो गई थी। उस घटना के बाद से ही आरोपी पक्ष को ये लगने लगा था कि आमिर पक्ष के परिवार की बद्दुआ के चलते उनके भाई की मौत हुई है। आमिर के परिजन जब उनके घर में शोक जताने पहुंचे थे तो आरोपी ने धमकी दी थी कि तुम्हारे परिवार में भी इसी दिन हत्या की जाएगी। उसी के बदले में यह घटना की गई है।

Next Story
null