शिक्षिका हत्याकांड : सरकार ने जिले के एसपी को हटाया, कई पुलिसकर्मी सस्पेंड

हरियाणा। भिवानी में निजी स्कूल की शिक्षिका मनीषा की हत्या के मामले में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सख्त रुख अपनाया है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर भिवानी के पुलिस अधीक्षक मनबीर सिंह का तबादला कर दिया गया है। उनकी जगह 2014 बैच के IPS अधिकारी सुमित कुमार को भिवानी का नया पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है।
इसके अलावा लोहारू थाना प्रभारी (SHO) अशोक, महिला एएसआई (L/ASI) शकुंतला और डायल 112 की ईआरवी टीम के ईएसआई अनूप, कॉन्स्टेबल पवन तथा एसपीओ धर्मेंद्र को भी तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। सभी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है। वहीं भिवानी जिले के गांव ढाणी लक्ष्मण निवासी लेडी टीचर मनीषा की हत्या मामल तुल पकड़ता जा रहा है। एक तरफ परिजन आरोपियों की गिरफ्तारी और लापरवाह पुलिस कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। वहीं पुलिस द्वारा अभी तक की कार्रवाई से परिजन भी असंतुष्ट हैं।
गिरफ्तारी नहीं होने पर ग्रामीणों ने भिवानी-लोहारू मार्ग पर भी जाम लगा दिया। हालांकि जल्दी ही उस जाम को खोल दिया। इधर, ग्रामीण, परिजन व अन्य ढिगावा में धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। साथ ही मांग कर रहे हैं कि आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए। इधर, रोहतक रेंज के आईजी वाई पूरन कुमार और एसपी मनबीर सिंह धरना स्थल पर पहुंचे। जहां पर लोगों को समझाने का प्रयास किया। मृतका मनीषा के मामा कुलदीप ने बताया कि पुलिस ने अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की। जिसके कारण 11 सदस्य कमेटी भी संतुष्ट नहीं है। अगर आरोपियों को गिरफ्तारी सहित अन्य मांग पूरी नहीं होती है तो वे विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। पुलिस ने अभी तक किसी को गिरफ्तार नहीं किया है।





