
x
कुल्लू। जिला कुल्लू की ग्राम पंचायत शिली राजगिरि में देवता आदि ब्रह्मा के प्राचीन देव स्थल पर छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। यहां ग्राम पंचायत प्रधान व उप प्रधान की मनमानी के चलते देव स्थल पर जेसीबी लगाकर सडक़ निकाली जा रही है जबकि इसी स्थान पर काहिका उत्सव का आयोजन होता है। आदि ब्रह्मा देव कमेटी ने एतराज जताते हुए कहा है कि यदि यह छेड़छाड़ नहीं रोकी गई तो धरना-प्रदर्शन करेंगे। देव कमेटी ने बताया कि ग्राम पंचायत शिली राजगिरी के रोलगी गांव में देवता के प्राचीन मैदान से सडक़ निर्माण का कार्य किया है। जबकि यह देवता का प्राचीन स्थल है।
यहां पर देवता के काहिका के अलावा कई अन्य देव कार्य होते हैं। जिसके कारण देव कार्य में व्यवधान पड़ेगा। देव कमेटी ने कहा कि वह सडक़ निर्माण का विरोध नहीं कर रहे हैं बल्कि देवता के प्राचीन स्थल को उजाडक़र सडक़ निर्माण उचित नहीं है। इससे देव आस्था पर चोट पहुंची है और देव परंपरा खंडित हो गई है। सडक़ देव स्थल से कुछ दूरी से भी निकाली जा सकती थी। गौर रहे कि देवताओं के प्राचीन स्थलों पर छेड़छाड़ नहीं की जा सकती है और देवता की बिना अनुमति से यहां पर किसी तरह की मशीनरी का प्रयोग नहीं होता है। स्थानीय लोगों व देव कमेटी ने जिला प्रशासन खासकर डीसी कुल्लू तोरुल एस रवीश से मांग की है कि इस कार्य को शीघ्र रोका जाए अन्यथा स्थानीय लोगों व देव कमेटी को सडक़ों पर उतरना पड़ेगा। देवता के कारदार उत्तमराम, देव कमेटी के उपप्रधान महेंद्र सिंह व नंबरदार यशपाल ने बताया कि पंचायत के प्रधान व उपप्रधान द्वारा यह मनमानी की जा रही है जिसे तुरंत रोकना चाहिए।
Next Story





