भारत

सिविल सर्विसेज की तैयारी कर रही युवती की संदिग्ध मौत, हॉस्टल मालिक और लाइब्रेरी संचालक पर संदेह

Nil dhankar
21 Jan 2026 7:02 AM IST
सिविल सर्विसेज की तैयारी कर रही युवती की संदिग्ध मौत, हॉस्टल मालिक और लाइब्रेरी संचालक पर संदेह
x
पढ़े पूरी खबर

यूपी। प्रयागराज में राजापुर स्थित एक गर्ल्स हॉस्टल में रहकर सिविल सर्विसेज की तैयारी कर रही 25 वर्षीय प्रतियोगी छात्रा रिया पांडेय की सोमवार की देर रात संदिग्ध हालात में मौत हो गई। प्रारंभिक जांच में रिया के फांसी लगाने की बात सामने आई है। हालांकि, देर रात दो युवकों का रिया को बेली अस्पताल ले जाने और मौत की पुष्टि होने पर छोड़कर फरार होने से सवाल उठने लगे हैं। मृतका के पिता ने हॉस्टल मालिक और एक लाइब्रेरी संचालक के खिलाफ तहरीर देते हुए जांच की मांग की है।

मानिकपुर कुंडा निवासी सुशील पांडेय की पुत्री रिया पांडेय पिछले चार वर्षों से प्रयागराज में किराए का कमरा लेकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही थी। करीब दो माह पहले ही वह राजापुर स्थित गर्ल्स हॉस्टल में शिफ्ट हुई थी। पुलिस के मुताबिक, सोमवार देर रात दो युवक हॉस्टल पहुंचे, कमरे का दरवाजा तोड़कर अंदर दाखिल हुए और रिया को फंदे से उतारकर बेली अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद दोनों युवक शव छोड़कर फरार हो गए।

बेली अस्पताल की सूचना पर कैंट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में हैंगिंग से मौत की पुष्टि हुई है। रिया तीन बहनों में दूसरे नंबर पर थी, जबकि उसका भाई आदर्श पांडेय रायपुर (छत्तीसगढ़) में रहता है। रिया की मौत की सूचना पर मंगलवार को परिजन रोते बिलखते पहुंचे। पुलिस सूत्रों के अनुसार, घटना के बाद से गर्ल्स हॉस्टल मालिक और लाइब्रेरी संचालक दोनों फिलहाल फरार बताए जा रहे हैं। रिया रोजाना राजापुर स्थित उसी निजी लाइब्रेरी में पढ़ाई करने जाती थी। कैंट थाना प्रभारी सुनील कुमार ने बताया कि शव का पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है। छात्रा के मोबाइल को कब्जे में लेकर भी जांच की जा रही है। तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।


Next Story
null