भारत

सोलन-कसौली-चायल में उमड़ी पर्यटकों की भीड़

Shantanu Roy
14 Jun 2026 5:30 PM IST
सोलन-कसौली-चायल में उमड़ी पर्यटकों की भीड़
x
Solan. सोलन। पहाड़ों की रानी हिमाचल प्रदेश में मौसम के बदलते मिजाज का असर पर्यटन गतिविधियों पर साफ दिखाई देने लगा है। शनिवार को सुहावने मौसम और ठंडी हवाओं के बीच सोलन, कसौली, चायल, बड़ोग और आसपास के क्षेत्रों में पर्यटकों की भारी आमद देखने को मिली। सुबह से ही पर्यटक परिवार और दोस्तों के साथ पर्यटन स्थलों का रुख करते नजर आए, जिससे पूरे क्षेत्र में रौनक लौट आई। बीते कुछ दिनों में तापमान में आई गिरावट के कारण मैदानी क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग पहाड़ों की ओर पहुंच रहे हैं। सोलन के प्रमुख बाजारों, माल रोड, कैफे और रेस्तरां में दिनभर चहल-पहल बनी रही। पर्यटकों ने प्राकृतिक सौंदर्य, हरियाली और ठंडे मौसम का
भरपूर आनंद लिया।


वहीं कसौली और चायल में भी अच्छी-खासी भीड़ देखने को मिली, जिससे स्थानीय पर्यटन कारोबार को नया उत्साह मिला है। होटल एसोसिएशन के प्रधान वेद गर्ग ने बताया कि मौसम में बदलाव का सीधा लाभ पर्यटन क्षेत्र को मिला है। वर्तमान में होटलों में करीब 75 प्रतिशत ऑक्यूपेंसी दर्ज की जा रही है, जो उद्योग के लिए सकारात्मक संकेत हैं। होटल, रेस्तरां, टैक्सी ऑपरेटर और स्थानीय दुकानदारों के कारोबार में भी बढ़ोतरी हुई है। उन्होंने उम्मीद जताई कि मौसम सुहावना रहने पर आने वाले दिनों में पर्यटकों की संख्या और बढ़ेगी। सप्ताहांत में सोलन, कसौली और चायल में पर्यटकों की बढ़ी आमद का सकारात्मक असर स्थानीय बाजारों और पर्यटन कारोबार पर देखने को मिला।
Next Story