भारत

थप्पड़ मारने से नाराज था स्टूडेंट, लंच छुट्टी में टीचर पर चलाई गोली

Nilmani Pal
21 Aug 2025 7:32 AM IST
थप्पड़ मारने से नाराज था स्टूडेंट, लंच छुट्टी में टीचर पर चलाई गोली
x
हालत गंभीर

उत्तराखंड। काशीपुर में एक प्राइवेट स्कूल में 9वीं कक्षा के छात्र ने शिक्षक को तमंचे से गोली मार दी। दाएं कंधे के नीचे गोली लगने से गंभीर घायल शिक्षक को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस के अनुसार, दो दिन पहले एक सवाल का जवाब नहीं देने पर शिक्षक ने छात्र को डांटा था। पता चला है कि आरोपी छात्र लंच बॉक्स में रखकर तमंचा स्कूल लाया था। कुंडेश्वरी रोड स्थित श्री गुरुनानक सीनियर सेकेंडरी स्कूल में बुधवार को शिक्षक गगनदीप सिंह कोहली सुबह 9.45 बजे भौतिक विज्ञान की क्लास लेने पहुंचे। मध्यांतर के बाद वह क्लास रूम से बाहर निकलने लगे, तभी पीछे से एक छात्र ने टिफिन बॉक्स से तमंचा निकाला और उनपर फायर झोंक दिया। छात्र भागने का प्रयास करने लगा लेकिन शिक्षकों ने उसे पकड़ लिया। घायल शिक्षक को निजी अस्पताल में पहुंचाया। एएसपी अभय सिंह ने बताया कि शिक्षक की तहरीर पर नाबालिग आरोपी पर केस दर्ज कर लिया है। उसे पुलिस संरक्षण में ले लिया है।

गोली लगने से घायल निजी अस्पताल में भर्ती शिक्षक का तीन घंटे ऑपरेशन के बाद गोली निकाली गई। अस्पताल के सर्जन डॉ.मयंक अग्रवाल ने बताया कि गोली गर्दन पर रीढ़ की हड्डी के पास फंसी थी। जिसे निकाल लिया गया है। घायल शिक्षक को आईसीयू में रखा गया है। 72 घंटे बाद ही स्थिति का पता चल पाएगा। दो दिन पहले थप्पड़ की खुन्नस से कक्षा-9 के नाबालिग छात्र ने शिक्षक पर तमंचे से गोली चला दी और फिर गुमसुम सा हो गया। हालांकि छात्र ने पूरा घटनाक्रम बताया। कुंडेश्वरी रोड स्थित श्री गुरुनानक सीनियर सेकेंडरी स्कूल में कुंडेश्वरी चौकी क्षेत्र निवासी कक्षा-9 का छात्र शुरू से ही इसी विद्यालय में पढ़ रहा है। छात्र ने आरोप लगाया सोमवार को शिक्षक गगनदीप सिंह कोहली ने फिजिक्स की क्लास के दौरान उससे एक सवाल पूछा। कहा कि उसने जबाव भी दिया, लेकिन शिक्षक ने उसे थप्पड़ मार दिया। जिसे वह बर्दाश्त नहीं कर पाया।

बुधवार को घर से बैग में टिफिन के अंदर तमंचा लेकर आया। चौथे पीरियड में गगनदीप सिंह क्लास लेने आए। क्लास खत्म होते ही करीब 10.30 बजे इंटरवल की घंटी बज गई। घंटी बजते ही कुछ छात्र भी कक्षा से निकल गए। इसी बीच आरोपी छात्र ने टिफिन से तमंचा निकालकर शिक्षक पर पीछे से फायर झोंक दिया। घटना के बाद सूचना पर फॉरेंसिक टीम ने स्कूल पहुंचकर घटना स्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए। टीम ने आरोपी छात्र को साथ लेकर क्राइम सीन से जांच कर, साक्ष्य एकत्र किए। टीम ने घटना में प्रयुक्त 315 बोर का तमंचा और एक खोखा भी बरामद किया। जिसे पुलिस ने कब्जे में ले लिया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।


Next Story
null