भारत

Regional Hospital ढालपुर सहित जिला के सभी संस्थानों में की हड़ताल

Shantanu Roy
18 Aug 2024 11:58 AM GMT
Regional Hospital ढालपुर सहित जिला के सभी संस्थानों में की हड़ताल
x
Kullu. कुल्लू। कोलकाता में जूनियर रेजिडेंट डाक्टर के साथ दुष्कर्म और हत्या के मामले को लेकर हिमाचल प्रदेश में सभी सरकारी अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाएं बंद रही। इस दौरान मरीजों को केवल इमरजेंसी सेवाएं ही मिली। जिला कुल्लू में भी सभी स्वास्थ्य संस्थानों में डाक्टरों ने मेडिकल सेवाएं बंद रखी। ढालपुर अस्पताल में भी मरीज को सिर्फ इमरजेंसी सेवाएं मिली, जिसके चलते यहां मरीजों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। लिहाजा, अधिकतर ग्रामीण लोगों को इस हड़ताल के बारे में जानकारी नहीं थी, जिसके कारण वह यहां उपचार करवाने के लिए पहुंचे। यहां पर बंद ओपीडी देखकर उन्हें बेरंग ही लौटना पड़ा। जिला कुल्लू चिकित्सक संघ के अध्यक्ष डा. कल्याण ने कहा कि जिस तरह की यह घटना पेश आई है। उसे पता चलता है कि समाज में विकृत मानसिकता वाले लोग
अभी भी पनप रहे हैं।

डाक्टर अपने जीवन को समाज सेवा में लगा देता है और मरीजों की जान बचाने के लिए हर संभव कोशिश करता है। लेकिन अगर इस तरह की हत्या की घटना सामने आती रहेंगी तो इससे डॉक्टर का भी मनोबल गिरेगा। ऐसे में डाक्टरो द्वारा एक दिन के लिए मेडिकल सेवाओं को बंद रखा गया है, लेकिन मरीजों को इमरजेंसी में सेवाएं दी जा रही है। अब सभी डाक्टरों द्वारा देश भर में इस मामले को लेकर प्रदर्शन किया जा रहा है। केंद्र सरकार से भी मांग रखी जा रही है कि वह डाक्टरों की सुरक्षा के लिए कड़े कानून बनाएं जाएं। इसके अलावा जो भी इस तरह से हत्या व दुष्कर्म के मामलों को अंजाम देता है। उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाए। गौर हो कि कोलकता में प्रशिक्षु डाक्टर के साथ हुए दुष्कर्म और हत्या के विरोध में अब देश भर में रोष प्रदर्शन शुरू हो गया है। इसी कड़ी में शनिवार को कुल्लू में भी प्रदर्शन किया गया।
Next Story