भारत

सुक्खू सरकार को करो मजबूत कुटलैहड़ में बहाएंगे विकास की गंगा

Shantanu Roy
15 May 2024 12:11 PM GMT
सुक्खू सरकार को करो मजबूत कुटलैहड़ में बहाएंगे विकास की गंगा
x
बंगाणा। सुक्खू सरकार पूरी तरह से मजबूत है। सरकार पांच साल पूरे करेंगी। यह बात कुटलैहड़ कांग्रेस के प्रत्याशी विवेक शर्मा विक्कू ने मंगलवार को जनसंपर्क अभियान के दौरान कहीं। विवेक शर्मा विक्कू ने कुटलैहड़ की जनता से आहवान किया कि कांग्रेस के पक्ष में मतदान कर सुक्खू सरकार को मजबूत करें। ताकि मुख्यमंत्री व उपमुख्यमंत्री के आर्शीवाद से कुटलैहड़ को विकसित किया जा सके। उन्होंने कहा कि पूर्व विधायक ने कांग्रेस की टिकट पर चुनाव लड़ा। जिसे जनता से सिर आंखों पर बिठाकर विधानसभा भेजा, लेकिन उन्होंने जनता की भावनाओं से खिलवाड़ किया। उन्होंने कहा कि अब वह जहां भी वोट मांगने जा रहे है, जनता उनसे सवाल पूछ रही है। उनके पास जनता के सवालों के जबाव तक नहीं है। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों की वजह से कुटलैहड़ को उपचुनाव देखने पड़ रहे है।

विवेक शर्मा ने कहा कि भाजपा प्रत्याशी बताए कि 14 माह के कार्यकाल में कुटलैहड़ की पंचायतों में अपनी विधायक निधि से कितनी राशि विकास कार्यो के लिए दी। उन्होंने कहा कि विधायक ने अपने बेटे को ठेकेदारी में प्रमोट किया,लेकिन वह बताए कि विधानसभा के कितने बेरोजगार युवाओं को ठेकेदारी के पेशे में लेकर आए। विवेक शर्मा ने कहा कि भाजपा प्रत्याशी बताए कि 14 माह के दौरान कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के विकास के किन मुददों को विधानसभा में उठाया। उन्होंने एक सडक़ के 7 करोड़ के टेंडर को सवा 11 करोड़ में जारी करने को लेकर भी भाजपा प्रत्याशी से सवाल जबाव किए। विवेक शर्मा ने कहा कि कुटलैहड़ की जनता के आशीर्वाद से आज वह चुनाव मैदान में उतरे है। जनता का उन्हें प्यार व समर्थन मिल रहा है। कुटलैहड़ विस क्षेत्र की समस्याओं का प्रमुखता से समाधान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पानी की समस्या के समाधान के लिए प्रमुखता से पग उठाए जाएंगे।
Next Story