
यूपी। चित्रकूट जिले में महर्षि वाल्मीकि आश्रम लालापुर में बुधवार की देर रात एक बार फिर तनावपूर्ण स्थिति बन गई। पूर्व सांसद की मां के प्रति अभद्र टिप्पणी करने के बाद बाहर किए गए महंत भरतदास अचानक बुधवार रात आश्रम में पहुंच गए। इसकी जानकारी पर दूसरे पक्ष के लोग भी आश्रम आ गए। दोनों के बीच नोकझोंक शुरू हो गई। तभी रैपुरा थाना प्रभारी राम सिंह भी मौके पर पहुंच गए। इसी बीच महंत ने अपने पुराने अंदाज में धमकी भरे शब्द बोले। इसपर थाना प्रभारी ने कहा कि उंगली दिखाकर बात मत करना। मैं पुराना थाना प्रभारी नहीं हूं। मर्यादित होकर बात करना। थाना प्रभारी राम सिंह व महंत भरतदास के बीच हुई इस नोकझोंक का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
महंत भरतदास व स्थानीय लोगों के बीच पिछले करीब एक साल से विवाद चल रहा है। कई बार मारपीट भी हो चुकी है। करीब एक माह पहले पूर्व सांसद भैरों प्रसाद मिश्र की मां के प्रति सोशल मीडिया में अभद्र टिप्पणी करने पर स्थानीय लोगों ने आश्रम में प्रदर्शन किया था। इसके बाद महंत आश्रम से लगातार बाहर रहे। कुछ महिलाओं के प्रति अभद्र टिप्पणी पर महंत के खिलाफ कई बार प्रदर्शन कर कार्रवाई की मांग की गई। बुधवार की रात महंत भरतदास अपने सरकारी गनर के साथ आश्रम पहुंचे। महंत के आने की जानकारी मिलते ही दूसरा पक्ष भी पहुंच गया। इससे दोनों पक्षों के बीच नोकझोंक होने लगी। जानकारी होने पर थाना प्रभारी रैपुरा राम सिंह भी पहुंचे।
महंत ने उनके सामने पुलिस के खिलाफ अपशब्द बोले तो थाना प्रभारी गुस्से में आ गए। थाना प्रभारी ने कहा कि बाबा अब दोबारा वह बात मत बोलना, जो पहले बोले हैं। वह पुराने थाना प्रभारी नहीं है। उंगली दिखाकर बात मत करना। मर्यादित तरीके से बात करो। थाना प्रभारी के कड़े तेवर को देख महंत ने पलटी मारी और बोले कि वह पुलिस के प्रति कुछ नहीं कह रहे। वह तो उन लोगों को कह रहे है जो आश्रम के प्रति साजिश रचने का काम कर रहे है। कुछ ही देर बाद महंत अपने गनर के साथ आश्रम से चले गए।
महर्षि वाल्मीकि आश्रम पिछले करीब एक साल से चर्चाओं में छाया हुआ है। महंत एसपी व चौकी प्रभारी लालापुर से बातचीत का ऑडियो भी वायरल कर चुके है। विवाद की स्थिति को देखते हुए पिछले करीब एक माह से आश्रम में पुलिस का पहरा लगा हुआ है। पीएसी के करीब 35 जवान डेरा डाले हुए हैं। इसके अलावा एक दर्जन से अधिक स्थानीय पुलिस के जवान लगे हैं। थाना प्रभारी ने बताया कि आश्रम में सुरक्षा के चाक-चौबंद इंतजाम है। रात-दिन कड़ी निगरानी रखी जा रही है।





