भारत

भारत-नेपाल सीमा पर एसएसबी ने सोना-चांदी जब्त की, चार गिरफ्तार

SHIDDHANT
2 Oct 2026 11:03 PM IST
भारत-नेपाल सीमा पर एसएसबी ने सोना-चांदी जब्त की, चार गिरफ्तार
x
कोलकाता। पश्चिम बंगाल में भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सशस्त्र सीमा बल (SSB) ने शुक्रवार को एक कार से सोना और चांदी जब्त किया। कार भारत से नेपाल की ओर जा रही थी। वाहन में सवार चार लोगों को पकड़कर आगे की कार्रवाई के लिए सीमा शुल्क विभाग को सौंप दिया गया है। जानकारी के मुताबिक, घटना सुबह करीब 11:40 बजे पानीटंकी स्थित न्यू मेची ब्रिज पर हुई। रानीडांगा स्थित एसएसबी की 41वीं बटालियन की डी कंपनी के जवान नियमित जांच कर रहे थे। इसी दौरान सीमा खुफिया दल ने भारत से नेपाल की तरफ जा रही चांदी रंग की मारुति सुजुकी एर्टिगा को रोका। कार में चालक समेत चार लोग सवार थे।
एसएसबी अधिकारी के अनुसार, सामान की जांच के दौरान धनजीत पटगिरी के पास मौजूद एक बैग की तलाशी ली गई। बैग में सोने की छड़ें और सोने-चांदी के सिक्के मिले। सुरक्षाकर्मियों ने इनसे संबंधित दस्तावेज मांगे, लेकिन संतोषजनक जवाब और आवश्यक दस्तावेज नहीं मिलने पर आगे की कार्रवाई की गई। जब्त सामान में करीब 10-10 ग्राम वजन की चार सोने की छड़ें, लगभग 20 ग्राम वजन वाले तीन सोने के सिक्के और 100 ग्राम वजन का एक चांदी का सिक्का शामिल बताया गया है। कार में धनजीत पटगिरी के अलावा आशीष पोद्दार, विकास अग्रवाल और चालक नबा कुमार रॉय सवार थे। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि कार में मौजूद अन्य लोगों को बैग में रखे सोने और चांदी के बारे में जानकारी थी या नहीं।
एसएसबी के मुताबिक, कार्रवाई सीमा शुल्क अधिनियम, 1962 की धारा 110 के तहत की गई। जब्त सोना-चांदी, कार और पकड़े गए चारों लोगों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए पानीटंकी स्थित सीमा शुल्क कार्यालय को सौंप दिया गया है। अधिकारी अब यह पता लगाने में जुटे हैं कि बरामद सोना-चांदी किसका है और इसे नेपाल ले जाने का उद्देश्य क्या था। भारत-नेपाल की खुली सीमा होने के कारण सीमा पार अवैध गतिविधियों को रोकने के लिए एसएसबी खुफिया सूचनाओं के आधार पर भी निगरानी कर रही है।
Next Story