छत्तीसगढ़
पुलिस में नौकरी लगाने के नाम पर 11.30 लाख की ठगी, फरार आरोपी गिरफ्तार
Shantanu Roy
2 Oct 2026 10:59 PM IST

x
छग
Raigarh. रायगढ़। पुलिस में नौकरी लगाने के नाम पर 11 लाख 30 हजार रुपए की धोखाधड़ी के मामले में फरार चल रहे आरोपी को चक्रधरनगर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे “ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत यह कार्रवाई की गई। गिरफ्तार आरोपी अमन यादव (25) लामरदहा थाना चक्रधरनगर का रहने वाला है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
इस मामले में आरोपी उत्तरा सिदार (50) निवासी कांटाहरदी थाना कोतरारोड और संजू यादव (27) निवासी छोटे अतरमुड़ा रायगढ़ को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज चुकी है। मामले की शुरुआत 25 अक्टूबर 2025 को हुई थी, जब छोटे अतरमुड़ा निवासी 60 वर्षीय अलेन किड़ो ने चक्रधरनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उनके भतीजे राहुल किड़ो को छत्तीसगढ़ पुलिस में कांस्टेबल के पद पर नौकरी दिलाने का झांसा देकर आरोपियों ने उनसे 11 लाख 30 हजार रुपए की ठगी की।
रिपोर्ट के मुताबिक आरोपी उत्तरा सिदार ने शुरुआत में 50 हजार रुपए की मांग की थी। इसमें 30 हजार रुपए दिए गए, जबकि इसके बाद संजू यादव को 20 हजार रुपए दिए गए। आरोपियों ने पीड़ित को बताया कि यह रकम रायपुर निवासी विकास सिदार को दी जानी है, जो नौकरी लगवाने में मदद करेगा। इसके बाद अलग-अलग खातों में भी रकम जमा कराई गई। पुलिस जांच में फर्जी दस्तावेज और नियुक्ति पत्र दिखाकर विश्वास में लेने की बात भी सामने आई। शिकायत के आधार पर चक्रधरनगर थाने में अपराध क्रमांक 475/2025 के तहत धारा 420, 468 और 34 आईपीसी में मामला दर्ज किया गया था। पुलिस ने उत्तरा सिदार और संजू यादव को 26 अक्टूबर 2025 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया था। वहीं फरार आरोपियों के संबंध में 3 फरवरी 2026 को धारा 173(8) सीआरपीसी के तहत चालान पेश किया गया था।
पुलिस के अनुसार “ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत फरार आरोपियों की लगातार तलाश की जा रही थी और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही थी। इसी बीच पुलिस के बढ़ते दबाव के चलते आरोपी अमन यादव न्यायालय में सरेंडर करने पहुंचा। इसकी जानकारी मिलते ही चक्रधरनगर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। जांच में सामने आया कि अमन यादव ने उत्तरा सिदार और संजू यादव के कहने पर ठगी की रकम प्राप्त करने के लिए अपना बैंक खाता उपलब्ध कराया था। इसके एवज में उसे रकम दिए जाने की बात भी सामने आई है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। कार्रवाई में उप निरीक्षक गेंद लाल साहू और पुलिस स्टाफ की अहम भूमिका रही।
Next Story





