
x
परिवार में विवाद के बाद दो की हत्या
मध्य प्रदेश। मध्य प्रदेश के इंदौर में संपत्ति विवाद को लेकर एक ही परिवार के दो सदस्यों की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि 26 वर्षीय हर्ष यादव ने अपने नाबालिग साथी के साथ मिलकर पहले अपने पिता राजू यादव की हत्या की और फिर अगले ही दिन अपनी बहन हर्षिता यादव का गला घोंटकर उसे भी मौत के घाट उतार दिया। पुलिस की शुरुआती जांच में करीब 50 लाख रुपये की संपत्ति को लेकर विवाद की बात सामने आई है। पुलिस ने नाबालिग साथी को हिरासत में ले लिया है, जबकि मुख्य आरोपी हर्ष यादव फरार है।
घटना इंदौर के एरोड्रम थाना क्षेत्र स्थित कालानी नगर की है। जानकारी के अनुसार, 19 नवंबर को एक मकान के अंदर हर्षिता यादव का शव मिला था। मृतका के मुंह पर स्कार्फ बंधा हुआ था। शुरुआती जांच में गला घोंटकर हत्या किए जाने की आशंका जताई गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने घटनास्थल की जांच शुरू की और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले।
जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज में मृतका का भाई हर्ष यादव एक अन्य युवक के साथ दिखाई दिया। इसके बाद पुलिस को उसकी भूमिका पर संदेह हुआ। इसी बीच हातोद थाना क्षेत्र में हर्षिता के पिता राजू यादव का शव मिलने से मामला और गंभीर हो गया। पुलिस जांच में सामने आया कि राजू यादव पेशे से ऑटो चालक थे। उन्होंने मल्हारगंज स्थित अपना मकान करीब 50 लाख रुपये में बेचा था। इस रकम में से 25 लाख रुपये उन्होंने अपनी बेटी हर्षिता को दे दिए थे। शेष रकम को लेकर बेटे हर्ष यादव के साथ उनका विवाद चल रहा था।
पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार, इसी संपत्ति विवाद के चलते हर्ष ने अपने नाबालिग साथी के साथ मिलकर पिता और बहन की हत्या की कथित साजिश रची। आरोप है कि पहले राजू यादव की हत्या कर उनका शव हातोद क्षेत्र में ठिकाने लगाया गया। इसके अगले दिन हर्षिता की गला घोंटकर हत्या कर दी गई।
दोहरे हत्याकांड के सामने आने के बाद पुलिस ने नाबालिग साथी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं, फरार मुख्य आरोपी हर्ष यादव की तलाश में पुलिस की टीमें जुटी हुई हैं। पुलिस का कहना है कि मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद हत्या की पूरी साजिश, घटनाक्रम और अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
Next Story





