
x
बिहार। बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नाम पर सेतु का नामकरण किए जाने को लेकर सवाल उठाए हैं। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि जिस पार्टी ने कभी नीतीश कुमार के डीएनए पर टिप्पणी की थी, वही आज उनके सम्मान की बात कर रही है। तेजस्वी यादव ने पटना विश्वविद्यालय को केंद्रीय विश्वविद्यालय का दर्जा नहीं मिलने का मुद्दा भी उठाया और भाजपा से जवाब मांगा। पटना में मीडिया से बातचीत के दौरान तेजस्वी यादव ने कहा कि इतिहास में भाजपा ने नीतीश कुमार को इतना सम्मान दिया कि उनके डीएनए तक का अपमान किया गया। उन्होंने पुराने राजनीतिक घटनाक्रम का जिक्र करते हुए भाजपा के रवैये पर सवाल खड़े किए।
तेजस्वी यादव ने कहा कि जब नीतीश कुमार मुख्यमंत्री के रूप में पटना विश्वविद्यालय के एक कार्यक्रम में शामिल हुए थे, तब उन्होंने विश्वविद्यालय को केंद्रीय विश्वविद्यालय का दर्जा देने की मांग की थी। लेकिन उस मांग पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि इस मुद्दे पर भाजपा की ओर से भी कोई जवाब नहीं दिया गया। नेता प्रतिपक्ष ने कच्ची दरगाह से जुड़े सेतु के नामकरण पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि यदि इस सेतु का नाम अछैबर राय या गुरु गोबिंद सिंह के नाम पर रखा जाता, तो यह अच्छी बात होती। तेजस्वी यादव ने स्पष्ट किया कि वह नीतीश कुमार के अच्छे स्वास्थ्य की कामना करते हैं। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार स्वस्थ रहें और उनका स्वास्थ्य अच्छा बना रहे, यही उनकी प्रार्थना है।
तेजस्वी यादव ने नामकरण की परंपरा का उल्लेख करते हुए कहा कि सामान्य तौर पर किसी व्यक्ति के निधन के बाद उसकी स्मृति में सार्वजनिक स्थानों या निर्माण कार्यों का नाम रखा जाता है। उन्होंने सवाल उठाया कि नीतीश कुमार अभी जीवित हैं, ऐसे में उनके नाम पर पुल का नामकरण करने का फैसला क्यों लिया गया। दरअसल, कच्ची दरगाह-बिदुपुर छह लेन पुल का नाम ‘नीतीश सेतु’ रखा गया है। बिहार सरकार ने 13 नवंबर को इसकी आधिकारिक घोषणा की थी। यह पुल पटना और वैशाली जिलों को जोड़ता है। इस मुद्दे पर भाजपा ने भी अपना पक्ष रखा है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष संजय सरावगी ने नामकरण का समर्थन करते हुए इसे बिहार के विकास में नीतीश कुमार के योगदान का सम्मान बताया।
Next Story





