भारत

हनीट्रैप में फंसा बेटा, पिता ने किया सुसाइड

Nilmani Pal
3 March 2026 7:07 AM IST
हनीट्रैप में फंसा बेटा, पिता ने किया सुसाइड
x
पढ़े पूरी खबर

यूपी। सोशल मीडिया के जरिए दोस्ती और फिर ब्लैकमेलिंग का एक खौफनाक मामला मुरादाबाद के कांठ थाना क्षेत्र में सामने आया है। यहां एक युवती ने इंस्टाग्राम पर युवक को प्रेम जाल में फंसाया और फिर शादी का दबाव बनाकर उसके परिवार को प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। इस मानसिक उत्पीड़न और 10 लाख रुपये की रंगदारी की मांग से आहत होकर युवक के पिता ने जहर खाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। पुलिस ने इस मामले में आरोपी युवती और उसके दो साथियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

घटना कांठ के गांव अहमदपुर नीगूं नगला की है। यहां के निवासी महीपाल सिंह का बेटा सचिन एक फर्म में काम करता है। कुछ समय पहले सचिन की मुलाकात इंस्टाग्राम के माध्यम से अमरोहा जिले के रहरा थाना क्षेत्र स्थित गांव छपना निवासी एक युवती से हुई। धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और युवती ने सचिन को अपने विश्वास में ले लिया। आरोप है कि इसके बाद युवती ने अपने दो साथियों, देवेंद्र गुर्जर और राजू सिंह के साथ मिलकर एक गहरी साजिश रची। सचिन के बड़े भाई सुरेंद्र सिंह द्वारा पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, आरोपी युवती ने सचिन के पिता महीपाल सिंह को फोन करना शुरू कर दिया। उसने दबाव बनाया कि वह सचिन की शादी उसके साथ करा दें। जब पिता ने इस रिश्ते से इनकार किया, तो आरोपियों ने असली रंग दिखाना शुरू किया। युवती और उसके साथियों ने धमकी दी कि यदि शादी नहीं कराई गई, तो उन्हें 10 लाख रुपये देने होंगे। पैसे न देने की सूरत में पूरे परिवार को गंभीर कानूनी मुकदमों में फंसाकर जेल भिजवाने की धमकी दी गई।

लगातार मिल रही धमकियों और झूठे मुकदमे के डर से किसान महीपाल सिंह गहरे मानसिक तनाव में आ गए। इसी प्रताड़ना से तंग आकर बीते 24 फरवरी को उन्होंने जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजनों ने उन्हें मुरादाबाद के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां जीवन और मौत के बीच संघर्ष करते हुए रविवार देर शाम उनकी मृत्यु हो गई। मौत की खबर मिलते ही गांव में आक्रोश फैल गया और ग्रामीणों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर जाम लगाने का प्रयास किया, जिसे पुलिस ने समझा-बुझाकर शांत कराया।

एसपी देहात कुंवर आकाश सिंह ने बताया कि मृतक के बड़े बेटे सुरेंद्र की तहरीर पर आरोपी युवती, देवेंद्र गुर्जर और राजू सिंह के खिलाफ धारा 108 (आत्महत्या के लिए उकसाने) के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस इंस्टाग्राम चैट और कॉल रिकॉर्ड्स खंगाल रही है। उन्होंने आश्वस्त किया कि मामले की गहनता से जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

Next Story
null