मां के प्रेमी की बेटे ने की हत्या, करता था मारपीट और गाली-गलौज

दिल्ली। सदर बाजार इलाके में एक शख्स ने अपनी मां के लिव-इन पार्टनर की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। आरोपी ने अपने दोस्त के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने हत्या के अगले दिन दोनों फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि 23 वर्षीय गौरव नबी करीम इलाके में रहता है। उसके पिता की पांच साल पहले मौत हो चुकी है। पति की मौत के बाद आरोपी की मां रजनी (परिवर्तित नाम) धर्मेंद्र के साथ सदर बाजार इलाके में लिव-इन रिलेशन में रह रही थी। हालांकि, दोनों ने सभी को शादी करने के बारे में बताया था। धर्मेंद्र पर पहले से हत्या का मुकदमा चल रहा है।
बताया जाता है कि धर्मेंद्र अक्सर रजनी की पिटाई करता था, जिसकी गौरव को जानकारी थी। बुधवार रात गौरव अपने दोस्त ललित के साथ धर्मेंद्र के घर पहुंचा। इस दौरान रजनी कहीं गई हुई थी। तीनों ने वहीं पर शराब पी। शराब के नशे में धर्मेंद्र रजनी के बारे में अपशब्द कहने लगा। इस पर गौरव और ललित ने चाकू से वारकर धर्मेंद्र की हत्या कर दी और फरार हो गए। रात करीब 11 बजे पड़ोसियों ने कमरे से खून बहता देखकर पुलिस को कॉल कर इसकी सूचना दी। एसआई तरुण यादव और कॉन्स्टेबल सतीश मौके पर पहुंचे। मृतक की पहचान धर्मेंद्र के तौर पर हुई। पुलिस ने हत्या की धारा में केस दर्ज कर लिया। एसएचओ सहदेव तोमर की देखरख में इंस्पेक्टर बीएल मीना की टीम ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों की पहचान कर गुरुवार दोपहर को दोनों दबोच लिया।





