भारत

सास पर हमला कर जेवर लेकर भागा दामाद, पारिवारिक विवाद बता रहे पुलिसकर्मी

Nil dhankar
10 March 2026 7:37 AM IST
सास पर हमला कर जेवर लेकर भागा दामाद, पारिवारिक विवाद बता रहे पुलिसकर्मी
x
पढ़े पूरी खबर

राजस्थान। जालोर जिले के सरवाना थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है. यहां एक दामाद ने अपनी ही सास की नाक काट दी. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया. गंभीर रूप से घायल महिला को इलाज के लिए गुजरात के मेहसाणा में भर्ती कराया गया है.

प्राप्त जानकारी के अनुसार के.आर. बंधाकुआ निवासी बाबूलाल ने सरवाना थाने में इस संबंध में रिपोर्ट दर्ज करवाई है. रिपोर्ट में बताया गया कि उनकी पुत्री सरिता की शादी करीब चार वर्ष पहले आरवा निवासी सोहनलाल विश्नोई के साथ हुई थी. फिलहाल सरिता जोधपुर में रहकर पढ़ाई कर रही है. परिवार के अनुसार पिछले तीन दिनों से सरिता का फोन बंद आ रहा था. इसी को लेकर बाबूलाल और उनकी पत्नी केली देवी चिंतित थे. दोनों इस संबंध में शिकायत दर्ज कराने के लिए सरवाना थाने जा रहे थे.

रिपोर्ट के मुताबिक जब बाबूलाल और उनकी पत्नी सरवाना क्षेत्र में बालेरा माइनर के पास पहुंचे तो एक कार ने उनकी गाड़ी को रुकवा लिया. कार में सोहनलाल विश्नोई और उसके साथ अन्य लोग सवार थे. आरोप है कि सभी ने जबरन केली देवी को गाड़ी से नीचे उतार लिया और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी. इसी दौरान सोहनलाल ने कैंची से अपनी सास केली देवी की नाक काट दी. इसके बाद उसने उनकी नाक में पहना सोने का आभूषण भी निकाल लिया और अपने साथियों के साथ मौके से फरार हो गया. घटना के बाद मौके पर अफरा तफरी मच गई.

घायल केली देवी को तुरंत इलाज के लिए गुजरात के मेहसाणा ले जाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है. इस घटना की जानकारी मिलने के बाद सरवाना थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस ने दामाद सोहनलाल विश्नोई सहित चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बताया जा रहा है कि सरिता काफी समय से अपने ससुराल नहीं आ रही थी. वहीं हाल ही में उसकी दूसरी जगह शादी करने की सूचना ससुराल पक्ष को मिली थी. बताया जा रहा है कि इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया था. इसी विवाद के चलते दामाद ने इस सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया. फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है और पूरे मामले की जांच की जा रही है.

Next Story
null