
यूपी। गोरखपुर में ऑनलाइन गेम फ्री फायर की आईडी दिलाने का झांसा देकर साइबर ठगों ने 11वीं के छात्र से 2.96 लाख रुपये ठग लिए। गेम की लत के चलते छात्र चोरी-छिपे अपने पिता के बैंक खाते से अलग-अलग खातों में रकम ट्रांसफर करता रहा। मामला सामने आने पर छात्र के पिता ने साइबर क्राइम थाने में तहरीर दी, जिसके आधार पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस उन बैंक खातों की जांच कर रही है, जिनमें पैसे भेजे गए थे।
रामगढ़ताल क्षेत्र के पाम पैराडाइज के रहने वाले ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके बैंक खाते से अलग-अलग तारीखों में लाखों रुपये कट गए। बैंक से जानकारी लेने पर पता चला कि उनके 16 वर्षीय बेटे ने यह रकम ट्रांसफर की थी। छात्र ने बताया कि वह फ्री फायर गेम खेलता था और गेम की आईडी लेने के लिए उसकी कुछ लोगों से मोबाइल पर बातचीत हुई। आरोपियों ने उसे गेम आईडी उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया और धीरे-धीरे उससे लाखों रुपये ट्रांसफर करा लिए। साइबर क्राइम थाना प्रभारी राशीद खान ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। जिन बैंक खातों में पैसे भेजे गए हैं, उनकी जांच की जा रही है।
पीड़ित के मुताबिक, 7 मार्च को छात्र के पास पुष्पेंद्र सिंह नाम के व्यक्ति की कॉल आई। उसने फ्री फायर गेम की आईडी दिलाने का झांसा देकर पैसे मांगे। छात्र ने पिता के खाते से गूगल पे के माध्यम से करीब 1.55 लाख रुपये अलग-अलग खातों में भेज दिए। इसके बाद छात्र की पहचान कुनाल नामक युवक से हुई। कुनाल ने भी गेम आईडी दिलाने का भरोसा देकर 85 हजार रुपये ट्रांसफर करा लिए। उसने एक आईडी भेजी, जो छात्र के पास मौजूद है। इसी दौरान 23 अप्रैल को छात्र की बातचीत विनीत कुमार मिश्रा नाम के व्यक्ति से हुई। उसने भी आईडी के नाम पर 56 हजार रुपये की मांग की। छात्र ने बताए गए खाते में रकम भेज दी। इस तरह गेम आईडी के लालच में छात्र से कुल 2.96 लाख रुपये ठग लिए गए।





