भारत

कटक में हालात सामान्य, आज भी इंटरनेट सेवाएं निलंबित

Nilmani Pal
6 Oct 2025 6:35 AM IST
कटक में हालात सामान्य, आज भी इंटरनेट सेवाएं निलंबित
x

ओडिशा। कटक में रविवार को दुर्गा प्रतिमा विसर्जन जुलूस के दौरान दो समुदायों के बीच हिंसक झड़प के बाद सांप्रदायिक तनाव पैदा हो गया. राज्य सरकार ने रविवार रात कटक के 13 पुलिस थाना क्षेत्रों में निषेधाज्ञा (बीएनएसएस की धारा 163) लागू कर दी और इंटरनेट सेवाएं निलंबित कर दीं. कटक के पुलिस कमिश्नर एस देव दत्ता सिंह ने कहा कि ये आदेश अगले 36 घंटे तक प्रभावी रहेंगे.

उन्होंने मीडियाकर्मियों को बताया कि दरगाह बाजार, मंगलाबाग, छावनी, पुरीघाट, लालबाग, बिदानासी, मरकट नगर, सीडीए फेज-2, मालगोदाम, बादामबाड़ी, जगतपुर, बयालिस मौजा और सदर थाना क्षेत्रों में निषेधाज्ञा लागू रहेगी. इस बीच विश्व हिंदू परिषद (VHP) ने जिला प्रशासन पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पूरी तरह विफल रहने का आरोप लगाया है और आज 12 घंटे के कटक बंद की घोषणा की है.

कटक के दरगाहबाजार इलाके में हाथी पोखरी के पास शनिवार और रविवार की दरमियानी रात करीब 1:30 से 2 बजे के बीच हिंसा भड़क उठी, जब एक दुर्गा प्रतिमा विसर्जन जुलूस कथाजोड़ी नदी के किनारे देबिगारा की ओर बढ़ रहा था. पुलिस के अनुसार, तनाव तब शुरू हुआ जब कुछ स्थानीय लोगों ने जुलूस के दौरान तेज आवाज में बज रहे म्यूजिक पर आपत्ति जताई. एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि दो समुदायों के बीच वाद-विवाद जल्द ही टकराव में बदल गया, जब भीड़ ने जुलूस पर छतों से पत्थर और कांच की बोतलें फेंकनी शुरू कर दीं.

Next Story
null