भारत

पहाडिय़ों पर बरसी चांदी, मैदानों में पानी

Shantanu Roy
14 Jun 2026 3:38 PM IST
पहाडिय़ों पर बरसी चांदी, मैदानों में पानी
x
Patlikuhal. पतलीकूहल। पर्यटन नगरी कुल्लू-मनाली में मौसम का बदला हुआ मिजाज इन दिनों पर्यटकों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। जिला कुल्लू में तीन दिनों से मौसम खराब चल रहा है। गुरुवार, शुक्रवार को भी जिला में बारिश हुई। वहीं, शनिवार को भी सुबह से ही रिमझिम बारिश का दौर जारी रहा। जिससे पूरे दिन कुल्लू घाटी में ठंडक भरा वातावरण बना रहा। ऊंची पर्वतमालाओं पर ताजा बर्फबारी देखने को मिली, वहीं निचले क्षेत्रों में रिमझिम वर्षा की झड़ी लगी रही। मौसम के इस सुहावने रूप ने घाटी की सुंदरता में चार चांद लगा दिए हैं और देश के विभिन्न राज्यों से आने वाले पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित कर रहा है। गत कुछ दिनों से पड़ रही गर्मी के बीच मौसम में आए इस बदलाव ने स्थानीय लोगों के साथ-साथ सैलानियों को भी राहत प्रदान की है। रोहतांग दर्रा, हामटा, अंजनी महादेव, धुंधी तथा अन्य ऊंचाई वाले क्षेत्रों की पर्वत चोटियां एक बार फिर बर्फ की सफेद चादर से ढक गई हैं। दूसरी ओर कुल्लू, मनाली, पतलीकूहल, नग्गर, कटराईं और भुंतर सहित निचले क्षेत्रों में हल्की बारिश होने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। । हरे-भरे देवदार के जंगल, बादलों से घिरी पहाडय़िां और बर्फ से आच्छादित चोटियां पर्यटकों को खूब
लुभा रही हैं।
मौसम की इस खूबसूरती का आनंद लेने के लिए बड़ी संख्या में पर्यटक व्यू प्वाइंटों और पर्यटन स्थलों का रुख कर रहे हैं। कई पर्यटक बर्फ से ढकी चोटियों की तस्वीरें और वीडियो बनाकर अपने अनुभवों को यादगार बना रहे हैं। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थानए गुजरातए उत्तर प्रदेश तथा अन्य मैदानी राज्यों से पहुंचे पर्यटकों का कहना है कि भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए कुल्लू-मनाली से बेहतर स्थान नहीं हो सकता। उनका कहना है कि मैदानों में जहां तापमान लगातार बढ़ रहा है, वहीं कुल्लू घाटी का सुहावना मौसम उन्हें सुकून और ताजगी का अनुभव करा रहा है। पर्यटकों ने बताया कि बारिश और ठंडी हवाओं के बीच पहाड़ों का नजारा किसी स्वर्ग से कम नहीं लग रहा। मौसम के इस अनुकूल रुख का पर्यटन कारोबार पर भी सकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है। होटल, होम-स्टे, रेस्तरां, टैक्सी संचालक तथा साहसिक गतिविधियों से जुड़े कारोबारी पर्यटकों की बढ़ती आवाजाही से उत्साहित हैं। कारोबारियों का कहना है कि मौसम जितना सुहावना रहेगा, उतनी ही अधिक संख्या में पर्यटक घाटी का रुख करेंगे। वर्तमान में सप्ताहांत के चलते भी पर्यटकों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी देखी जा रही है। स्थानीय लोगों का मानना है कि जून माह में बर्फबारी और हल्की वर्षा का यह दृश्य पर्यटकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनता है। मौसम का यह बदला हुआ मिजाज प्रकृति प्रेमियों को आकर्षित कर रहा है।
Next Story