भारत

बीमार जीजा ने की साले की हत्या, फावड़े से हमला कर ले ली जान

Nil dhankar
28 July 2025 8:46 AM IST
बीमार जीजा ने की साले की हत्या, फावड़े से हमला कर ले ली जान
x
पढ़े पूरी खबर

यूपी। महोबा में मानसिक रूप से बीमार जिस बहनोई को साला इलाज कराने के लिए अपने घर लाया, उसी ने साले की हत्या कर दी। शनिवार रात को फावड़े से हमला करने के बाद सुबह जब परिजन पहुंचे तो उनसे कहा कि ‘मैंने उसे मार डाला’। बताया जा रहा कि साला इलाज कराना चाहता था, जबकि बहनोई घर जाने की जिद पर अड़ा था। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

मुख्यालय कोतवाली के गांव रतौली निवासी 65 वर्षीय हाकिम उर्फ मंगल सिंह हमीरपुर के कुरारा के मिश्रीपुर निवासी बहनोई सेवानिवृत शिक्षक राजबहादुर को उपचार कराने के लिए 15 दिन पूर्व घर लाया था। शनिवार रात को साले और बहनोई एक कमरे में सोए थे। सुबह परिजन पहुंचे तो हाकिम का रक्तरंजित शव पड़ा था और पास में ही राजबहादुर बैठा था। परिजनों के मुताबिक राजबहादुर ने कहा कि उसने हाकिम को मार डाला। घटना की सूचना पर कोतवाली पुलिस पहुंची और पूछताछ की। मृतक के छोटे भाई साहब सिंह ने बताया कि जीजा की मानसिक दशा ठीक नहीं है। इसलिए बड़े भाई जीजा और बहन को लेकर घर आ गए थे। जीजा बार-बार उपचार न कराने की बात कहते थे। भाई ने उपचार पूरा होने के बाद घर जाने की बात कही थी। इसी खुन्नस में जीजा ने फावड़े से भाई पर हमला कर दिया। पुलिस का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। अपर पुलिस अधीक्षक वंदना सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।

रिश्तों के कत्ल की घटना से परिजन खासे परेशान हैं। परिजनों का कहना है कि राजबहादुर के पुत्र की पिछले साल मौत हो गई थी, जिसके बाद उनका मानसिक संतुलन बिगड़ गया था। बेटे की मौत से परेशान राजबहादुर अक्सर अपने आप से बातें करते रहते थे। बहन की दशा को देखकर हाकिम सिंह बहनोई को उपचार कराने के लिए घर लाए थे।

Next Story
null